Hari Dutt Kapadi passed away: अपने समय के प्रसिद्ध बास्केटबॉल खिलाड़ी और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान हरि दत्त कापड़ी का यहां उनके आवास पर निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। कापड़ी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को रामेश्वर घाट पर किया गया।
कापड़ी का जन्म 1942 में पिथौरागढ़ जिले के मुवानी क्षेत्र के चिरियाखान गांव में हुआ था। उन्हें 1969 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में भारतीय बास्केटबॉल टीम 1969 में एशिया में सातवें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गई। 1965 से 1978 तक उनकी कप्तानी में भारतीय बास्केटबॉल टीम ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया।
कापड़ी को उत्तराखंड सरकार द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। पिथौरागढ़ के जिला मजिस्ट्रेट विनोद गोस्वामी ने कहा, “वह एक असाधारण बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण, उन्होंने भारतीय टीम को एशिया में चौथे स्थान पर पहुंचाकर देश को गौरवान्वित किया।” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें: पंजाब पुलिस की BKI आतंकियों पर बड़ी कार्रवाई, विस्फोटक हथियारों सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

