खेल डेस्क: पंजाब के क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के पूर्व क्रिकेटर और सीनियर सिलेक्शन कमिटी के सदस्य अमनप्रीत सिंह गिल का अचानक निधन हो गया। उनके जाने से पूरे क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अमनप्रीत सिंह गिल ने अपने क्रिकेट करियर में पूरी मेहनत और लगन के साथ पंजाब का नाम रोशन किया। उन्होंने अलग-अलग स्तर पर क्रिकेट खेला और अपनी प्रतिभा साबित की। वह India Under-19, किंग्स XI पंजाब और पंजाब की राज्य टीम का भी हिस्सा रह चुके थे। खेल से संन्यास लेने के बाद भी उन्होंने क्रिकेट से जुड़ाव बनाए रखा और सिलेक्शन कमिटी के सदस्य के रूप में नए खिलाड़ियों को मौका देने और खेल को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।
मनीमाजरा श्मशान घाट होगा अंतिम संस्कार
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में भगवान उनके परिवार को हिम्मत दे और दिवंगत आत्मा को शांति मिले। अमनप्रीत सिंह गिल का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मनीमाजरा श्मशान घाट में किया जाएगा।

