Site icon Dainik Savera Times

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान Ross Taylor ने की संन्यास से वापसी, समोआ के लिए खेलेंगे टी20 विश्व कप टूर्नामैंट

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान रॉस टेलर ने संन्यास से वापसी कर ली है। हालांकि अब वह न्यूजीलैंड से नहीं बल्कि समोआ की तरफ से खेलते हुए दिखाई देंगे। 41-वर्षीय मध्य क्रम के बल्लेबाज टेलर आगामी ईस्ट एशिया-पैसिफिक टी20 विश्व कप 2026 के क्वालिफ़ायर टूर्नामैंट में समोआ का प्रतिनिधित्व करेंगे। टेलर ने अपने इंस्टाग्राम एकाऊंट पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, ‘अब यह आधिकारिक है। मुझे गर्व है कि मैं क्रिकेट में नीली जर्सी पहनकर समोआ का प्रतिनिधित्व करने जा रहा हूं। यह ना सिर्फ मेरे पसंदीदा खेल में मेरी वापसी है, बल्कि अपनी विरासत, संस्कृति, गांव और परिवार का प्रतिनिधित्व करने का बड़ा सम्मान भी है। मैं इस अवसर के लिए उत्साहित हूं।’

टेलर को अपनी मां की विरासत के चलते समोआ का पासपोर्ट मिला हुआ है। वह अप्रैल 2022 में न्यूजीलैंड के लिए आखिरी बार खेले थे। इससे उनका तीन साल का कूलिंग ऑफ पीरियड भी पूरा हो गया है और अब वह समोआ के लिए खेलने के पात्र हैं। उन्होंने 2006 से 2022 तक न्यूजीलैंड के लिए 112 टैस्ट, 236 वनडे और 102 टी20 खेले हैं, जहां उन्होंने क्रमश: 7683, 8607 और 1909 रन बनाए हैं। वह न्यूजीलैंड के कुछ महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं।

वह न्यूजीलैंड के लिए टी20 में पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जबकि उन्होंने इस फॉर्मैट में आखिरी मैच नवंबर 2020 में खेला था। टेलर ही नहीं समोआ के लिए न्यूजीलैंड से एक और बड़ा नाम भी शामिल हुआ है। 32 वर्षीय सीन सोलिया ने न्यूजीलैंड में ऑकलैंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेला है। वह भी अब समोआ के लिए खेलते हुए दिखेंगे। टेलर और सोलिया से उम्मीद है कि वे समोआ की बल्लेबाज़ी लाइन-अप को मजबूती देंगे, जिसमें डेरियस विसर जैसे बल्लेबाज भी शामिल हैं। विसर ने अगस्त 2024 में वानुआतु के खिलाफ एक मैच में एक ओवर में छह छक्के और तीन वाइड सहित कुल 39 रन लगाकर रिकॉर्ड बुक में जगह बनाई थी।

ये भी पढ़ें: Sheetala Ashtami 2026 : कब मनाई जाएगी शीतला अष्टमी? जानें पूजा की तिथि और शुभ मुहूर्त

Exit mobile version