खेल डेस्क: पाकिस्तान क्रिकेट जगत में एक बड़ा विवाद सामने आया है। पूर्व ऑलराउंडर इमाद वसीम पर उनकी पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सानिया का दावा है कि दिसंबर 2023 में उन्हें जबरन अबॉर्शन (गर्भपात) के लिए मजबूर किया गया, जिसे उन्होंने “हत्या” करार दिया है।
“वह कातिल है, मेरे पास वीडियो सबूत है”
सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट में सानिया ने लिखा कि लाहौर में उनका अबॉर्शन कराया गया और यह उनकी मर्जी के खिलाफ था। उन्होंने आरोप लगाया कि इमाद ने उनके बच्चे का जबरन गर्भपात करवाया और उनके पास इस बात का वीडियो सबूत भी मौजूद है। सानिया ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्होंने इस घटना के बाद आवाज उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें चुप करा दिया गया। उनका यह भी आरोप है कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर नेगेटिव कैंपेन चलाया गया।
पीएम और PCB चेयरमैन से लगाई गुहार
सानिया अशफाक ने इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की अपील करते हुए कहा कि उन्हें और उनके बच्चों को इंसाफ मिलना चाहिए।
PSL टीम पर भी उठाए सवाल
सानिया ने हाल ही में हुए PSL ऑक्शन का जिक्र करते हुए इस्लामाबाद यूनाइटेड पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीम ने एक “कातिल और धोखेबाज” को मौका दिया है। उन्होंने लोगों से टीम के बहिष्कार की भी अपील की।
मानसिक और शारीरिक आघात का दावा
सानिया का कहना है कि प्रेग्नेंसी के दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक आघात झेलना पड़ा। उन्होंने कुछ व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं, जिन्हें वह इमाद का बताती हैं। उनका दावा है कि जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की तो उन्हें धमकियां दी गईं। एक वीडियो संदेश में सानिया ने कहा कि वह बहुत हिम्मत के साथ सामने आई हैं और अपने बच्चों के लिए इंसाफ चाहती हैं। उनके मुताबिक, दिसंबर 2023 में कराया गया अबॉर्शन उनकी इच्छा के खिलाफ था और इससे उन्हें गहरा भावनात्मक और शारीरिक सदमा पहुंचा।
इमाद की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं
इन आरोपों पर इमाद वसीम की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हाल ही में उन्होंने दूसरी शादी की है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच या कानूनी कार्रवाई की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

