French Open 2025: एशिया में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की शीर्ष पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अब फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिताबी जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने जा रही है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 21 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। वर्ल्ड रैंकिंग में छठवें नंबर पर मौजूद सात्विक-चिराग की जोड़ी ने हाल ही में बेहतरीन फॉर्म दिखाया है।
उन्होंने हांगकांग और चाइना मास्टर्स में फाइनल तक का सफर तय किया था, जबकि डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंची थी। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में यह जोड़ी इंडोनेशिया के मुहम्मद रियान अर्दियांतो और रहमत हिदायत से भिड़ेगी।
तीसरे खिताब की तलाश में सात्विक-चिराग
सात्विक और चिराग ने 2022 और 2024 में फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया था। इस साल वे एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से कोर्ट में उतरेंगे। दोनों खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में दूसरा कांस्य पदक जीत चुके हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास चरम पर है।
ये भी पढ़े : आज से CM नीतीश कुमार करेंगे चुनाव प्रचार का शंखनाद, 24 अक्टूबर को बिहार जाएंगे PM Modi
पुरुष और महिला सिंगल्स में भारत की चुनौती
पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड के नहत गुयेन से भिड़ेंगे। वहीं, आयुष शेट्टी, जो हाल ही में अमेरिकन ओपन जीत चुके हैं, जापान के कोकी वतनबे के खिलाफ चुनौतीपूर्ण मुकाबला खेलेंगे। महिला सिंगल्स में युवा खिलाड़ी अनमोल खरब को पहले दौर में कोरिया की शीर्ष वरीय एन से-यंग का सामना करना होगा। अनुपमा उपाध्याय का मुकाबला चीन की चौथी वरीय हान यू से होगा, जबकि उन्नति हुड्डा मलेशिया की करुपाथेवन लेत्शाना से भिड़ेंगी।
डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में भारत की चुनौती
पुरुष डबल्स में पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक खेलेंगे। महिला डबल्स में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंह की जोड़ी का मुकाबला पांडा बहनों रुतुपर्णा और श्वेतपर्णा पांडा से पहले दौर में होगा। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो तथा रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ियां खिताब की दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए तैयार हैं। भारतीय खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि फ्रेंच ओपन 2025 में भारत की झोली में एक से अधिक पदक आ सकते हैं। सात्विक-चिराग और अन्य खिलाड़ियों की फॉर्म को देखकर भारतीय फैंस का उत्साह भी चरम पर है।

