
पेरिस: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने शनिवार को एरिना ग्रैंड पेरिस में खेले गए महिला एकल सेमीफाइनल में जापान की हिना अकेची को कड़े मुकाबले में हराकर बीडब्ल्यूएफ फ्रेंच ओपन 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
कोर्ट 1 पर खेले गए इस मैच में सिंधु ने दूसरा गेम करीबी अंतर से हारने के बाद शानदार वापसी की और 73 मिनट तक चले मुकाबले को 21-10, 20-22, 21-16 से अपने नाम किया। अब फाइनल में उनका सामना साउथ कोरिया की विश्व नंबर 1 खिलाड़ी एन से यंग से होगा। एन से यंग ने जापान की नोजोमी ओकुहारा को महज 45 मिनट में 21-12, 21-19 से हराया। एन से यंग के पास अब बीडब्ल्यूएफ सर्किट पर सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली खिलाड़ी के रूप में अपना रिकॉर्ड और बेहतर करने का मौका है।
सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधु ने मजबूत शुरुआत की और पहला गेम आसानी से 21-10 से जीत लिया। हालांकि, दूसरे गेम के दूसरे हिस्से में अकेची ने बढ़त बनाए रखी। सिंधु ने 16-16 की बराबरी के बाद कुछ समय के लिए बढ़त ली और अगले दो अंक भी हासिल किए, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने स्कोर बराबर कर दिया और मैच को निर्णायक गेम तक खींच लिया।
निर्णायक गेम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां कई बार स्कोर बराबर हुआ। सिंधु ने गेम के ज्यादातर हिस्से में दबदबा बनाए रखा, लेकिन अकेची ने वापसी करते हुए स्कोर 14-14 से बराबर किया और 16-15 की बढ़त ले ली। हालांकि, भारतीय स्टार ने कोई गलती नहीं की और लगातार छह अंक जीतकर निर्णायक गेम 21-16 से अपने नाम किया और फाइनल का टिकट हासिल किया।
जुलाई में जापान ओपन जीतने के बाद, यह इस सीजन में सिंधु का दूसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 फाइनल है। रविवार को मौजूदा विश्व चैंपियन एन से यंग के खिलाफ होने वाला फाइनल मुकाबला, इस सर्किट पर उनके बीच 11वीं भिड़ंत होगी और इस साल में यह दोनों खिलाड़ी तीसरी बार एक-दूसरे से भिड़ेंगी। अगर सिंधु जीतती हैं, तो यह साउथ कोरिया की खिलाड़ी के खिलाफ उनकी पहली जीत होगी।
एन से यंग के खिलाफ फाइनल मुकाबले को लेकर सिंधु ने कहा, “मुझे उन्हें कड़ी टक्कर देनी होगी। हर एक अंक मायने रखता है। मुझे पता है कि हम पहले भी कई बार खेल चुके हैं और वह बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वह अपने बेहतरीन फॉर्म में हैं। मगर मुझे लगता है कि कल का दिन अलग होगा। हर दिन एक नया दिन होता है। मुझे बस मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ देना है। बाकी तो उस दिन के खेल पर निर्भर करेगा। हां, मैं कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हूं।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...