Site icon Dainik Savera Times

ईस्पोटर्स से ब्रेकडांसिंग तक हांगझोउ में होगी नये खेलों पर नजरें

नयी दिल्ली: दुनिया भर में युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय ई स्पोर्ट्स और ब्रेकडांस हांगझोउ एशियाई खेलों में पदार्पण करेंगे तो दुनिया भर की नजरें इन स्पर्धाओं पर रहेगी । पिछले साल ही होने वाले एशियाई खेल स्थगित होने के बाद 23 सितंबर से शुरू होंगे । इसमें ई स्पोटर्स और ब्रेक डंकंग नये खेल हैं जबकि शतरंज और क्रिकेट क्रमश: 2010 और 2014 के बाद वापसी करेंगे । हांगझोउ में पदार्पण करने वाले खेल : ईस्पोटर्स : इसे 2018 खेलों में नुमाइशी खेल के तौर पर शामिल किया गया । वहां इसकी लोकप्रियता देखते हुए इसे हांगझोउ में पदक स्पर्धा के रूप में शामिल करने का फैसला लिया गया ।

यह पेशेवर खेल की तरह है लेकिन आमने सामने मुकाबले की बजाय दर्शक वीडियो गेमर को एक दूसरे से भिड़ते देखते हैं । इसमें सात वीडियो गेम डोटा 2, फीफा आनलाइन 4, लीग आफ लीजैंड्स, एरेना आफ वेलोर, ड्रीम थ्री किंगडम्स, पबजी मोबाइल और स्ट्रीट फाइटर फाइव खेले जायेंगे । भारत ने 15 सदस्यीय पुरूष टीम भेजने का फैसला किया है जिसें चरणजोत सिंह , कृष गुप्ता और केतन गोयल जैसे धुरंधर हैं । भारत को फीफा आनलाइन 4 में पदक मिलने की उम्मीद है जिसमें वह दुनिया में 13वें और एशिया में तीसरे स्थान पर है ।

ब्रेकडांसिंग : पेरिस ओलंपिक में पदार्पण करने जा रहे ब्रेकडांसिंग या ब्रेकिंग खेल को पहली बार एशियाई खेलों में जगह मिली है । आलोचकों में इस बात को लेकर बहस है कि यह खेल है या नृत्य की एक शैली लेकिन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने इसे खेल के रूप में मान्यता दी है । भारत इस खेल में हिस्सा नहीं ले रहा है क्योंकि खेल मंत्रालय के मानदंडों पर खरा नहीं उतरने के कारण चार सदस्यीय टीम को मंजूरी नहीं मिली है । शतरंज और क्रिकेट की वापसी : शतरंज : चौसठ खानों का यह खेल 13 साल बाद एशियाई खेलों में लौट रहा है । भारत के लिये इसकी वापसी का यह सबसे बेहतर समय है क्योंकि आर प्रज्ञानानंदा , डी गुकेश और अर्जुन एरिगेसी जैसे युवा खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं ।

दोहा एशियाई खेल 2006 में शतरंज खेला गया था जिसमें भारत ने महिला व्यक्तिगत रैपिड (कोनेरू हम्पी) और मिश्रित टीम स्टैंडर्ड (कृष्णन शशिकिरण , पेंटाला हरिकृष्णा और कोनेरू हम्पी) में स्वर्ण पदक जीते थे । ग्वांग्झू में 2010 खेलों में भारत को सिर्फ दो कांस्य पदक मिले । हाल ही में फिडे विश्व कप में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की पदक की उम्मीदें बढी हैं ।क्रिकेट : एशियाई खेलों में 2018 के बाद क्रिकेट की वापसी टी20 प्रारूप में होगी । ग्वांग्झू में 2010 और इंचियोन में 2014 खेलों में क्रिकेट शामिल था लेकिन भारत ने टीम नहीं भेजी थी । इस बार भारत महिला और पुरूष दोनों वर्गों में टीम भेज रहा है । पुरूष टीम के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ हैं जबकि महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथ में होगी ।

Exit mobile version