नयी दिल्ली: नोबल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने कहा है कि ‘द दिल्ली फ्यूचर स्टार यूथ लीग’, दिल्ली और देश की फुटबाल के लिए मील का पत्थर साबित होगी। आज यहां छत्रसाल स्टेडियम पर फ्यूचर लीग के उद्घाटन अवसर पर श्री सत्यार्थी ने दिल्ली सरकार के शिक्षा और खेल विभाग के फुटबाल प्रेम को सराहा। उन्होंने दिल्ली साकर एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राज्य फुटबाल इकाई के साथ मिल कर दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल को लोकप्रिय बनाने की कोशिश में जुटी है, जिसके अच्छे परिणाम तय है। यहीं से दिल्ली और देश को भविष्य के चैंपियन खिलाड़ी मिलेंगे।
उद्घाटन मैच सुदेवा एफसी और जुवा संघ के मध्य खेला गया जिसमें सुदेवा 2-1 से जीत लिया। इस अवसर पर सैकड़ों उभरते खिलाड़ियों और अधिकारियों के अलावा दिल्ली सरकार के शिक्षा एवम खेल निदेशक हिमांशु गुप्ता, उप निदेशक योगेश पाल सिंह, वरिष्ठ वकील रमेश गुप्ता, डीएसए अध्यक्ष अनुज गुप्ता और उनकी टीम डीएसए के अधिकारी भी मौजूद थे। अनुज गुप्ता ने श्री सत्यार्थी की उपस्थिति को फ्यूचर लीग के लिए शुभ बताते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी से खिलाड़ियों को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि महिला प्रीमियर लीग के बाद पुरुष प्रीमियर लीग भी शुरू होने जा रही है। लेकिन स्कूल कालेज के खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

