Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

गाखल-सुरजीत राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी टूर्नामेंट रविवार से

August 27, 2023

गाखल-सुरजीत राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी टूर्नामेंट रविवार से

जालंधर: गाखल-सुरजीत राष्ट्रीय खेल दिवस (5एस) हॉकी टूर्नामेंट का पहला संस्करण रविवार से यहां बाल्टर्न पार्क में स्थित सुरजीत हॉकी स्टेडियम में शुरू हो रहा है।जिले के उपायुक्त और सुरजीत हॉकी सोसायटी के अध्यक्ष विशेष सारंगल ने शनिवार को बताया कि भारतीय हॉकी के दिग्गज दिवंगत ओलंपियन मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। प्रथम गाखल-सुरजीत राष्ट्रीय खेल दिवस 5एस हॉकी टूर्नामेंट 27 अगस्त से शुरू होगा इसका फाइनल मैच 29 अगस्त को खेला जाएगा।

सुरजीत हॉकी सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी.ई.ओ.) इकबाल सिंह संधू के मुताबिक इस टूर्नामेंट में अलग-अलग आयु वर्ग की 18 टीमें अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी। लड़कों (18 वर्ष से कम) के वर्ग में हॉकी जालंधर, सुरजीत हॉकी अकादमी, राउंड ग्लास अकादमी, अल्फा हॉकी जालंधर, ब्रौक्की जालंधर, श्रेय हॉकी जालंधर, जबकि लड़कियों (ओपन) के वर्ग में रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला, खालसा कॉलेज जालंधर, सी.आर.पी.एफ. जालंधर, ब्रौक्की जालंधर की टीमें शामिल हैं।

जूनियर (18 वर्ष से कम) वर्ग में अल्फा हॉकी जालंधर, सुरजीत हॉकी अकादमी, श्रेय हॉकी जालंधर की टीमें भाग लेंगी जबकि सब जूनियर (10 वर्ष से कम) में सुरजीत हॉकी अकादमी, हॉकी जालंधर, अल्फा हॉकी जालंधर, श्रेय हॉकी जालंधर टीमें शामिल हैं।सुरजीत हॉकी सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष लखविंदर पाल सिंह खैरा ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 27 अगस्त को मॉस्को ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और सेवानिवृत्त आईपीएस सुरिंदर सिंह सोढ़ी करेंगे। जालंधर के सांसद सुशील कुमार रिंकू 29 अगस्त को टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर इंडियन आयल कॉर्पोरेशन के मंडल रिटेल प्रमुख राजन बेरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच सुरजीत हॉकी अकादमी जालंधर बनाम ब्रौक्की जालंधर के बीच खेला जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें