Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ind Vs Aus Day: गिल का अर्धशतक, भारत के लंच तक एक विकेट पर 129 रन

March 11, 2023

Ind Vs Aus Day: गिल का अर्धशतक, भारत के लंच तक एक विकेट पर 129 रन

युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने अंतिम एकादश में अपनी जगह को सही साबित करते हुए नाबाद अर्धशतक जमाया जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 480 रन के जवाब में चौथे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां लंच तक एक विकेट पर 129 रन बनाए।भारत इस तरह से अभी ऑस्ट्रेलिया से 351 रन पीछे है।

भारत ने पहले सत्र में कप्तान रोहित शर्मा (58 गेंदों पर 35) का विकेट गंवाया जिन्होंने बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर बड़ा स्कोर बनाने का सुनहरा मौका गंवाया। उन्हें बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुहेनमन ने आउट किया। लंच के समय गिल 65 और चेतेश्वर पुजारा 22 रन पर खेल रहे थे।गिल और रोहित ने पहले विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। रोहित अच्छे प्रवाह में बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने मिशेल स्टार्क पर पुल करके छक्का भी लगाया था।

वह कुहेनमन की जिस गेंद पर आउट हुए वह विकेट लेने वाली गेंद नहीं थी। यह शॉर्ट पिच गेंद थी जिसे रोहित मैदान के किसी भी भाग में खेल सकते थे लेकिन उन्होंने इसे बैकफुट पर जाकर खेला और शार्ट एक्स्ट्रा कवर पर खड़े मार्नस लाबुशेन को कैच दे दिया।गिल को आॅस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खेलने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई जबकि पुजारा ने भी सहजता से उनका सामना किया। यह दोनों बल्लेबाज अभी तक दूसरे विकेट के लिए 55 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं। गिल ने अभी तक अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया है। पुजारा ने भी आॅफ स्पिनर टॉड मरफी पर आगे बढक़र चौका लगाकर अपने इरादे जतलाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें