Site icon Dainik Savera Times

Global Chess League ने अपना आधिकारिक Logo किया जारी

नई दिल्लीः विश्व शतरंज की सर्वोच्च संस्था फिडे और टेक महिंद्रा के संयुक्त प्रयासों से शुरू किए जा रहे वैश्विक शतरंज लीग (जीसीएल) का आधिकारिक लोगो बुधवार को जारी किया गया जो इस खेल के 64 खानों जैसा दिखता है। अपनी तरह की इस विशिष्ट लीग के शुरू होने के 64 दिन पहले लोगो जारी किया गया। शतरंज के बोर्ड में कुल 64 खाने होते हैं।

जीसीएल विश्व की सबसे बड़ी और शतरंज की पहली लीग है जिसका आयोजन 21 जून से दो जुलाई के बीच किया जाएगा। जीसीएल में पहली बार कुल छह टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में छह खिलाड़ी होंगे जिनमें दो महिला खिलाड़ी और एक आइकन खिलाड़ी भी शामिल है। पांच बार के विश्व चैंपियन और जीसीएल के मेंटोर (मार्गदर्शक) विश्वनाथन आनंद ने कहा,‘‘ हम जैसे जैसे टूर्नामेंट की शुरुआत के करीब जा रहे हैं, हम देख रहे हैं कि हमारी सभी योजनाएं फलीभूत हो रही हैं। जीसीएल के लोगो से टूर्नामेंट के लिए हमारे विजन का पता चलता है।’’

यह टूर्नामेंट राउंड रोबिन आधार पर रैपिड प्रारूप में खेला जाएगा। प्रत्येक टीम 10 मैच खेलेगी जिसमें शीर्ष पर रहने वाली दो टीम फाइनल में एक दूसरे का सामना करेंगी। फाइनल दो जुलाई को खेला जाएगा और विजेता टीम को विश्व चैंपियन फ्रेंचाइजी टीम का ताज पहनाया जाएगा।

Exit mobile version