Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Graham Reid ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच पद से दिया इस्तीफा

January 30, 2023

Graham Reid ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच पद से दिया इस्तीफा

भुवनेश्वर: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच ग्राहम रीड ने विश्व कप 2023 में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है। हॉकी इंडिया ने सोमवार को इसकी पुष्टि की और कहा कि रीड ने विश्व कप के समापन के एक दिन बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। घरेलू सरज़मीन पर लगातार दूसरी बार हुए पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत ने नौवां स्थान हासिल किया था। अपने पूल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रहने के बाद भारत ने क्रॉसओवर मुकाबले में न्यूजीलैंड का सामना किया, जहां उसे शूटआउट में 4-5 (फुल टाइम 3-3) से हार मिली थी।

रीड को अप्रैल 2019 में मुख्य कोच के पद पर नियुक्त किया गया था। भारत ने उनकी अगुवाई में टोक्यो ओलंपिक 2021 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। इसके अलावा भारतीय टीम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भी रजत पदक लाने में कामयाब रही थी। रीड के इस्तीफे के बाद टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने खिलाड़ियों एवं सपोर्ट स्टाफ से मिलकर टीम प्रदर्शन और भविष्य की नीतियों पर चर्चा की। रीड के साथ-साथ विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिचेल डेविड पेंबरटन ने भी अपने-अपने इस्तीफे टिर्की के सुपुर्द किये। तीनों कोच अगले तीन महीने की अवधि के लिये भारतीय टीम से जुड़े रहेंगे।

रीड के यादगार कार्यकाल की शुरुआत के दो महीने बाद भारत ने एफआईएच सीरीज़ फाइनल का खिताब हासिल किया था। इसके कुछ महीने बाद टीम ने भुवनेश्वर में आयोजित क्वालिफायर जीतकर टोक्यो ओलंपिक में भी जगह बनायी थी। टोक्यो ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने के बाद भारत एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021/22 में भी तीसरा स्थान हासिल किया था।

आस्ट्रेलिया की ओलंपिक रजत पदक विजेता टीम के सदस्य रहे रीड ने करीब चार साल के अपने कार्यकाल के बारे में कहा, ‘‘अब मेरे बाहर जाने और अगले प्रबंधन के हाथों में कमान देने का समय आ गया है। इस टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात रही है। मैंने इस शानदार सफर के हर पल का आनंद लिया है। मैं टीम को शुभकामनाएं देता हूं।’’ टिर्की ने रीड का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद कहा, ‘‘भारत ग्राहम रीड और उनकी टीम का हमेशा आभारी रहेगी जिन्होंने देश को अच्छे परिणाम लाकर दिये हैं, खासकर ओलंपिक खेलों में। जैसे हर सफर एक नई दिशा की ओर बढ़ता है, अब अपनी टीम के लिये नये दृष्टिकोण अपनाने का समय आ गया है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें