Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरात को नेट्स पर लंबे अभ्यास सत्र का फायदा मिल रहा है: अभिनव मनोहर

April 26, 2023

गुजरात को नेट्स पर लंबे अभ्यास सत्र का फायदा मिल रहा है: अभिनव मनोहर

अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज अभिनव मनोहर ने कहा कि टीम के बल्लेबाजों को नेट्स पर लंबे अभ्यास सत्र का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में फायदा मिल रहा है।घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक की तरफ से खेलने वाले इस 28 वर्षीय बल्लेबाज ने मंगलवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 21 गेंदों पर 42 रन की आक्रामक पारी खेली जिससे गुजरात ने यह मैच 55 रन से जीता। उनके अलावा डेविड मिलर और राहुल तेवतिया ने भी आक्रामक पारियां खेली जबकि शुभमन गिल ने अर्धशतक जड़ा।

मनोहर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘ हमारी टीम बहुत अधिक अभ्यास करती है। हम अभ्यास सत्र में बहुत अधिक समय बिताते हैं और बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास का मौका मिलता है जिससे वास्तव में हमें मदद मिल रही है। ’’ उन्होंने कहा,‘‘ हमने आईपीएल से पहले दो अभ्यास शिविरों में हिस्सा लिया था जिससे वास्तव में हमें फायदा मिला। मैं टीम में अपनी भूमिका जानता हूं। फ्रेंचाइजी ने हमें हमारी भूमिका को लेकर स्पष्ट तौर पर बता रखा है और इससे भी हमें मदद मिलती है।’’अपनी पारी के दौरान तीन छक्के और इतने ही चौके लगाने वाले मनोहर ने कहा कि क्रीज पर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज मिलर से बातचीत करने से भी उन्हें फायदा मिला।

मनोहर ने कहा,‘‘ हम क्रीज पर काफी बातें कर रहे थे। जो भी गेंद हमारी जद में होती उस पर हम शॉट लगा रहे थे। इसके अलावा मुझे लगता है कि जब भी मैं मिलर के साथ बल्लेबाजी करता हूं तो मुझे उससे बात करने से काफी मदद मिलती है।’’अपने कप्तान हार्दिक पंड्या के बारे में मनोहर ने कहा कि वह विश्व स्तरीय बल्लेबाज है और जल्द ही बड़ी पारी खेलेगा। उन्होंने कहा,‘‘ हार्दिक विश्व स्तरीय बल्लेबाज है और मुझे पूरा विश्वास है कि अगले कुछ दिनों में वह विशेष पारी खेलेगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें