Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

शतरंज विश्व कप में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे Gukesh, Humpy

July 26, 2023

शतरंज विश्व कप में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे Gukesh, Humpy

बाकू (अजरबेजान): युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश और आर प्रज्ञाननंदा 30 जुलाई से 24 अगस्त तक यहां होने वाले शतरंज विश्व कप में चुनौती पेश करेंगे। पुरुष और महिला खिलाड़ियों की इस प्रतियोगिता से 2024 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट (विश्व शतरंज चैंपियनशिप का चैलेंजर तय करने वाला टूर्नामेंट) के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा। सत्रह साल के खिलाड़ियों गुकेश और प्रज्ञाननंदा दोनों को पहले दौर में बाई मिली है और वे सीधे दूसरे दौर में उतरेंगे।गुकेश अपने अभियान की शुरुआत चेंग बॉबी और इस्कांद्रोव मिस्त्रादिन के बीच होने वाले मैच के विजेता के खिलाफ करेंगे।

गुकेश को तीसरे दौर में हमवतन एसएल नारायणन से भिड़ना पड़ सकता है बशर्ते वह अपने शुरुआती दो दौर के मुकाबले जीतने में सफल रहें। प्रज्ञाननंदा दूसरे दौर में सेंटियागो डि मोरा और मैक्सिम लगार्डे के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले अन्य भारतीयों में अर्जुन एरिगेसी, विदित संतोष गुजराती, निहाल सरीन, बी अधिबान, अभिमन्यु पुराणिक और हर्षा भरतकोटि शामिल हैं। महिला टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई अनुभवी कोनेरू हंपी और डी हरिका करेंगी। इन दोनों को भी पहले दौर में बाई मिली है।

प्रज्ञाननंदा की बहन आर वैशाली, मैरी आन गोम्स, पीवी नंधिधा और दिव्या देशमुख भी महिला टूर्नामेंट में चुनौती पेश करेंगी।विश्व कप 2023 के जरिए शीर्ष दो की जगह शीर्ष तीन खिलाड़ियों को अगले साल अप्रैल में कनाडा के टोरंटो में होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और शीर्ष वरीय मैग्नस कार्लसन की नजरें पहली बार विश्व कप जीतने पर टिकी होंगी।

मौजूदा विश्व चैंपियन डिंग लिरेन और दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी अलीरेजा फिरोजा टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे। कार्लसन के अलावा इयान नेपोमनियाची, फाबियानो करूआना, हिकारू नाकामूरा, अनीष गिरी, वेस्ली सो और मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव के अलावा मेजबान अजरबेजान के दिग्गज तेमूर रादजाबोव और शखरियार मामेदयारोव तथा गत चैंपियन पोलैंड के यान क्रिस्टोफ डुडा हिस्सा लेंगे।महिला वर्ग में सभी की नजरें गत विश्व चैंपियन जू वेनजुन और एलेक्सांद्रा गोरयाचकिना पर टिकी होंगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें