Site icon Dainik Savera Times

बंदूकधारियों ने फुटबॉल सुपरस्टार Messi को दी धमकी, परिवार के सुपरमार्केट में गोलीबारी

ब्यूनस आयर्स : बंदूकधारियों ने अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी को एक लिखित संदेश में धमकी देने के साथ उनके परिवार से जुड़े एक सुपरमार्केट में गोलियां चलायीं। यह जानकारी स्थानीय पुलिस ने दी। गुरुवार की सुबह के हमले में हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आयी है। यह स्पष्ट नहीं था कि हमलावरों ने देश के तीसरे सबसे बड़े शहर रोसारियो में यूनिको सुपरमार्केट को क्यों निशाना बनाया। यह सुपरमार्केट उनकी पत्नी एंटोनेला रोकुजो के परिवार के स्वामित्व में है। शहर के महापौर पाब्लो जावकिन ने रोसारियो में इस सुपर मार्केट का दौरा किया और मादक पदार्थ से संबंधित हिंसा को रोकने में विफलता को लेकर संघीय अधिकारियों को खरी खोटी सुनायी।

रोसारियो देश की राजधानी ब्यूनस आयर्स से उत्तर-पश्चिम में लगभग 190 मील (300 किलोमीटर) की दूरी पर स्थित है। पुलिस ने कहा कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने तड़के यूनिको सुपरमार्केट में 12 से ज्यादा गोलियां चलाई। उन्होंने वहां एक संदेश छोड़ा जिसमें लिखा था, ‘‘मेसी, हम आपका इंतजार कर रहे हैं। जावकिन भी मादक पदार्थों का एक तस्कर है, इसलिए वह तुम्हारा ख्याल नहीं रख पायेगा।’’ दुनिया के सबसे महानतम खिलाड़ियों में से एक मेसी ने इस मामले पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है। उनकी अगुवाई में इस साल दिसंबर में अर्जेंटीना ने 36 साल के लंबे अंतराल के बाद विश्व कप का खिताब जीता था। वह फिलहाल पेरिस सेंट-जर्मेन के लिए खेल रहे हैं और अपना अधिकांश समय विदेशों में बिताते हैं। वह अक्सर रोसारियो जाते रहते हैं जहां फनीस उपनगरीय क्षेत्र में उनका घर है।

Exit mobile version