Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

12 करोड़ की नई Ferrari में गर्लफ्रेंड को घूमाते नजर आए Hardik Pandya, जानें गाड़ी की खासियत

March 16, 2026

12 करोड़ की नई Ferrari में गर्लफ्रेंड को घूमाते नजर आए Hardik Pandya, जानें गाड़ी की खासियत

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर Hardik Pandya एक बार फिर सुर्खियों में हैं। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के कुछ समय बाद उन्होंने अपने कार कलेक्शन में एक नई और बेहद महंगी सुपरकार शामिल की है। हार्दिक पांड्या ने हाल ही में Ferrari 12Cilindri खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उनकी इस नई लग्जरी कार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें हार्दिक अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ नजर आ रहे हैं।

हार्दिक पांड्या की नई Ferrari 12Cilindri की ऑन-रोड कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये मानी जा रही है। यह कार नीरो डायटोना रंग में है, जो Ferrari ब्रांड का एक बेहद लोकप्रिय और क्लासिक कलर माना जाता है। इस कार का डिजाइन काफी स्टाइलिश और आकर्षक है। इसके लुक को करीब 60 साल पहले आई मशहूर स्पोर्ट्स कार Ferrari 365 GTB/4 Daytona से प्रेरित बताया जाता है। कंपनी ने इसमें क्लासिक डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक को भी जोड़ा है, जिससे यह कार बेहद खास बन जाती है।

डिजाइन

इस सुपरकार में फ्लश डोर हैंडल दिए गए हैं, जिससे दरवाजे कार की बॉडी के साथ एकदम फिट दिखाई देते हैं। इसके बोनट पर ब्लैक बैंड दिया गया है, जो इसे और ज्यादा स्पोर्टी लुक देता है। कार में रैप-अराउंड एलईडी हेडलाइट्स, स्लीक एलईडी डीआरएल और तेज डिजाइन वाली टेल लाइट्स लगाई गई हैं। इसके अलावा इसमें एक्टिव रियर फ्लैप्स भी दिए गए हैं, जो तेज रफ्तार के दौरान कार की परफॉर्मेंस और स्थिरता को बेहतर बनाते हैं।

शानदार फीचर्स

Ferrari 12Cilindri में ट्रिपल स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जिसमें 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 15.6 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 8.8 इंच की अलग स्क्रीन दी गई है, जिस पर ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। कार में 15 स्पीकर वाला प्रीमियम साउंड सिस्टम, वायरलेस फोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग और 360 डिग्री कैमरा जैसे कई आधुनिक फीचर्स भी शामिल हैं।

पावरट्रेन

Ferrari 12Cilindri में 6.5 लीटर का V12 इंजन लगाया गया है, जो करीब 830 हॉर्सपावर और 678 न्यूटन मीटर टॉर्क पैदा करता है। इस इंजन के साथ 8-स्पीड डुअल क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। यही वजह है कि यह सुपरकार सिर्फ 2.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम स्पीड लगभग 340 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जाती है, जो इसे दुनिया की सबसे तेज लग्जरी कारों में शामिल करती है।

हार्दिक कार कलेक्शन

हार्दिक पांड्या को महंगी और लग्जरी कारों का काफी शौक है और उनके गैराज में पहले से ही कई शानदार गाड़ियां मौजूद हैं। उनके कार कलेक्शन में Lamborghini Urus SE, Rolls‑Royce Phantom, Mercedes‑AMG G63, Range Rover Vogue, Land Rover Defender, Lamborghini Huracán EVO, Porsche Cayenne और Audi A6 जैसी कई महंगी और लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। अब Ferrari 12Cilindri के जुड़ने के बाद उनका कार कलेक्शन और भी ज्यादा शानदार हो गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें