Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

हार्दिक पंड्या की वापसी पर शुभमन गिल का बड़ा बयान, पहले घरेलू क्रिकेट में दिखाना होगा दम

November 3, 2026

हार्दिक पंड्या की वापसी पर शुभमन गिल का बड़ा बयान, पहले घरेलू क्रिकेट में दिखाना होगा दम

खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इंजरी की वजह से लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। भारतीय टीम जल्द हार्दिक की वापसी चाहती है, लेकिन वापसी से पहले घरेलू क्रिकेट में उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 वनडे मैचों की सीरीज बुधवार से शुरू हो रही है। हार्दिक इंजरी की वजह से इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। टीम इंडिया निश्चित रूप से सीरीज में उनकी कमी महसूस करेगी।

शुभमन गिल का बयान 

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अगले विश्व कप के लिए टीम हार्दिक की वापसी का इंतजार कर रही है। वह एक बेहतरीन ऑल-राउंडर हैं। दुनिया में बहुत कम ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके पास हार्दिक जैसी क्षमता है। एक गेंदबाज के तौर पर, आप उन्हें गेम के अलग-अलग हिस्सों में इस्तेमाल कर सकते हैं। वह नई और पुरानी गेंद से गेंदबाजी कर सकते हैं।”

गिल ने कहा, “हमारी कई बार बात हुई है। वह अपनी चोटों को लेकर बदकिस्मत हैं। आईपीएल के बाद से नहीं खेले हैं। उम्मीद है, वह जल्द ही वापस आएंगे। वह कुछ डोमेस्टिक क्रिकेट खेलेंगे। उम्मीद है कि हम उन्हें जल्द ही इंडियन टीम में वापस लाएंगे।” भारतीय कप्तान गिल के बयान से स्पष्ट है कि टीम इंडिया में वापसी से पहले हार्दिक को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी या विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना होगा और अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

वापसी के लिए हार्दिक कर रहे कड़ी मेहनत

बता दें कि हार्दिक पंड्या इंजरी आखिरी बार 24 मई 2026 को आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए दिखे थे। इंजरी से रिकवरी के लिए फिलहाल वह बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में है। भारतीय टीम में वापसी के लिए हार्दिक कड़ी मेहनत कर रहे हैं। देखना होगा कि वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी या विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए सीओई द्वारा फिट घोषित किए जाते हैं या नहीं। इंजरी की वजह हार्दिक ने इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड जैसी बड़ी सीरीज में खेलने का मौका गंवाया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें