Hardik Pandya : T20 फॉर्मेट में हार्दिक पांड्या का कोई मुकाबला नहीं है। बल्ले से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने हों या गेंद से बल्लेबाजों पर कहर ढाना हो, हार्दिक दोनों ही काम बेहद प्रभावी ढंग से करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान देते हैं। कटक में खेले गए सीरीज के पहले टी20 में उनका तूफानी अर्धशतक इसका ताजा उदाहरण है। धर्मशाला में खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे टी20 में हार्दिक पांड्या बतौर ऑलराउंडर एक बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं।
हार्दिक पांड्या का T20 में प्रदर्शन
32 साल के हार्दिक पांड्या ने 122 T20 मैचों की 96 पारियों में 6 अर्धशतक लगाते हुए 1,939 रन बनाए हैं और 99 विकेट लिए हैं। अगर धर्मशाला टी20 में हार्दिक 61 रन बनाने और 1 विकेट लेने में कामयाब रहते हैं, तो 2,000 T20 रन और 100 विकेट लेने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। बतौर गेंदबाज वह T20 में 100 विकेट लेने वाले अर्शदीप और जसप्रीत बुमराह के बाद भारत के तीसरे गेंदबाज भी बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें- तीसरे मैच में भारत-दक्षिण अफ्रीका की नजर सीरीज में बढ़त लेने पर
इन खिलाड़ियों को पीछे छोड़ने का मौका
हार्दिक 2,000 T20 रन और 100 T20 विकेट का आंकड़ा छूते ही बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी और जिम्बाब्वे के मौजूदा T20 कप्तान सिकंदर रजा की सूची में आ जाएंगे।
शाकिब अल हसन ने 129 T20 में 13 अर्धशतक की मदद से 2,551 रन बनाने के साथ ही 149 विकेट लिए हैं। मोहम्मद नबी ने 145 टी20 में 7 अर्धशतक की मदद से 2,417 रन बनाने के साथ ही 104 विकेट लिए हैं। वहीं सिकंदर रजा ने 127 T20 में 1 शतक और 16 अर्धशतक की मदद से 2,883 रन बनाने के अलावा 102 विकेट लिए हैं।

