Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हैरी ब्रूक ने रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने

February 24, 2026

हैरी ब्रूक ने रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने

पल्लेकेले: इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। इंग्लिश टीम की जीत के नायक कप्तान हैरी ब्रूक रहे। ब्रूक टी20 विश्व कप में बतौर कप्तान शतक लगाने और सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे हैरी ब्रूक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जमाया। ब्रूक ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली। हैरी ब्रूक टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी बन गए हैं। ब्रूक ने क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ा है। साल 2010 में बतौर कप्तान गेल ने भारत के खिलाफ 98 रनों की पारी खेली थी।

पारी की पहली ही गेंद पर फिल साल्ट के आउट होने के बाद हैरी ब्रूक नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे। ब्रूक शुरुआत से ही बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने दमदार शॉट्स लगाए।

साल्ट और बटलर के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद ब्रूक ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने सैम करन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। वहीं, विल जैक्स के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। ब्रूक ने अपनी इस पारी में 196 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 10 चौके और 4 छक्के लगाए।

इससे पहले पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान की 63 रनों की दमदार पारी के बूते 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए। फरहान ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

बाबर आजम 24 गेंदों का सामना करने के बाद महज 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फखर जमान 16 गेंदों में 25 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने। अंतिम ओवरों में शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन बनाए।

इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में लियाम डॉसन ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट निकाले। वहीं, जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने दो-दो विकेट चटकाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें