Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत-इंग्लैंड टेस्ट के बीच बड़ी खबर, इस स्टार खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान

July 12, 2026

भारत-इंग्लैंड टेस्ट के बीच बड़ी खबर, इस स्टार खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान

खेल डेस्क: इंग्लैंड की विश्व कप विजेता कप्तान हीथर नाइट ने ऐलान किया है कि वह भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो जाएंगी। हीथर की घोषणा के साथ ही उनके 16 साल लंबे करियर का अंत होगा। नाइट ने 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और वह इंग्लैंड की महिला टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी के तौर पर खेल को अलविदा कह रही हैं।

हीथर नाइट क्रिकेट करियर 

अपने करियर में उन्होंने कुल 320 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिनमें 15 टेस्ट, 160 वनडे और 145 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं। नाइट ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 7,988 रन बनाए और छह शतक लगाए। साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में उन्होंने अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। इसके साथ ही वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाने वाली पहली इंग्लिश महिला क्रिकेटर बनीं।

2016 से 2025 तक महिला टीम की कप्तानी की

हीथर नाइट ने 2016 से 2025 तक इंग्लैंड महिला टीम की कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने 199 मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिनमें इंग्लैंड ने 134 मुकाबलों में जीत दर्ज की। उनकी कप्तानी में टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं, लेकिन सबसे यादगार उपलब्धि 2017 में आई, जब इंग्लैंड ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर आईसीसी महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता। उस जीत ने उन्हें इंग्लैंड की सबसे सफल महिला कप्तानों में शामिल कर दिया।ऑस्ट्रेलिया में पिछली सर्दियों में एशेज में मिली हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी। हीथर नाइट से पहले टैमी ब्यूमोंट भी ऐलान कर चुकी हैं कि लॉर्ड्स टेस्ट उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला होगा।

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने जारी किया बयान 

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा जारी बयान में हीथर नाइट ने कहा, “इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे 16 साल तक अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। इस खेल और टीम से दूर होना आसान नहीं है, क्योंकि ड्रेसिंग रूम, मेरे साथी खिलाड़ी और वहां बिताए गए पल मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं। इन अनुभवों और लोगों ने मुझे बेहतर खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि बेहतर इंसान भी बनाया है। हालांकि, संन्यास का फैसला आसान नहीं था, लेकिन मैं इससे पूरी तरह संतुष्ट हूं और अपने जीवन के अगले अध्याय को लेकर काफी उत्साहित हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “डेवोन की एक छोटी लड़की के तौर पर लड़कों के साथ खेलते हुए मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे यह अनुभव मिलेगा। लॉर्ड्स में इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच के साथ खेल को अलविदा कहना सही लग रहा है। ये 16 साल शानदार रहे हैं और मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें