Site icon Dainik Savera Times

‘हिटमैन’ रोहित शर्मा 2027 के बाद लेंगे रिटायरमेंट, बचपन के कोच दिनेश लाड ने किया खुलासा

Rohit Sharma : सिडनी वनडे में टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपने बल्ले का जादू दिखाया। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में ‘हिटमैन’ ने 125 गेंदों में नाबाद 121 रन ठोके, जिसमें 13 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। यह रोहित के अंतरराष्ट्रीय करियर का 50वां शतक था। उनके साथ विराट कोहली ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 74 रन बनाए। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की अटूट साझेदारी कर भारत को 9 विकेट से जीत दिलाई।

इस मुकाबले के बाद क्रिकेट जगत में चर्चा थी कि शायद यह रोहित और कोहली की ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर आखिरी अंतरराष्ट्रीय पारी हो सकती है। ऐसे में दोनों दिग्गजों ने मिलकर ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे क्रिकेट प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे। 38 वर्षीय रोहित शर्मा की फिटनेस और बल्लेबाजी देखकर यह कहना मुश्किल था कि वह अपने करियर के अंतिम दौर में हैं। उन्होंने पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और 101 की औसत से 202 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

बचपन के कोच दिनेश लाड ने किया खुलासा,

मैच के बाद रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने उनके भविष्य की योजना को लेकर बड़ा खुलासा किया। एएनआई से बातचीत में लाड ने बताया, “रोहित ने पहले ही तय कर लिया है कि वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक खेलेंगे और उसके बाद रिटायरमेंट लेंगे।” उन्होंने कहा कि रोहित का सपना भारत के लिए वनडे वर्ल्ड कप जीतना है। 2011 में वह टीम का हिस्सा नहीं थे, जबकि 2023 में उनकी कप्तानी में भारत फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।

ROKO जोड़ी की हुई जमकर तारीफ

लाड ने विराट कोहली की भी तारीफ की और कहा, “कोहली ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी परिस्थिति में सफल हो सकते हैं। उन्होंने शून्य पर दो बार आउट होने के बाद जिस तरह वापसी की, वह काबिले तारीफ है।” उन्होंने सचिन तेंदुलकर की उस भविष्यवाणी को भी याद किया जिसमें कहा गया था कि रोहित और कोहली ही उनके रिकॉर्ड तोड़ेंगे और अब यह दोनों उस भविष्यवाणी को सच साबित कर रहे हैं।

Exit mobile version