Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rani Rampal पर रखा गया हॉकी स्टेडियम का नाम

March 21, 2023

Rani Rampal पर रखा गया हॉकी स्टेडियम का नाम

नई दिल्ली : मॉडर्न कोच फैक्टरी (एमसीएफ) राय बरेली ने हॉकी में भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल के योगदान का सम्मान करते हुए अपने हॉकी स्टेडियम का नाम ‘‘रानी गर्ल्स हॉकी टर्फ’’ रख दिया है। रानी ने मंगलवार को ट्वीट करके इसकी पुष्टि की। रानी अपने नाम का स्टेडियम पाने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं। उन्होंने स्टेडियम की तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मेरी खुशी और आभार व्यक्त करने के लिये शब्द बहुत कम लगते हैं। एमसीएफ रायबरेली ने हॉकी में मेरे योगदान का सम्मान करने के लिये हॉकी स्टेडियम का नाम बदलकर‘रानी गर्ल्स हॉकी टर्फ’कर दिया है।’’ स्टार खिलाड़ी ने एमसीएफ के अन्य अधिकारियों के साथ स्टेडियम का उद्घाटन किया और खिलाड़यिों से मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिये गर्व और भावनात्मक क्षण है क्योंकि मैं अपने नाम पर स्टेडियम पाने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गयी हूं। मैं इसे भारतीय महिला हॉकी टीम को समर्पित करती हूं और मुझे उम्मीद है कि यह महिला हॉकी खिलाड़यिों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करेगा।’’ रानी ने हाल ही में भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम में वापसी की थी, जबकि इससे पहले उन्होंने अपना पिछला मुकाबला महिला हॉकी प्रो लीग 2021-22 में बेल्जियम के खिलाफ खेला था। भारत के लिये 250 से ज्यादा मैच खेल चुकीं रानी ने 2008 में भारत के लिये पदार्पण किया था। भारत ने उनकी कप्तानी में टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथा स्थान हासिल किया था, हालांकि उसके बाद वह चोट के कारण विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हिस्सा नहीं ले सकी थीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें