Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

घरेलू परिस्थितियां हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं थी: Daniel Vettori

May 6, 2025

घरेलू परिस्थितियां हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं थी: Daniel Vettori

Daniel Vettori : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले दो सत्रों में सनराइजर्स हैदराबाद की अति आक्रामक बल्लेबाजी शैली चर्चा का विषय रही थी, लेकिन इस बार उसका यह तरीका कारगर नहीं रहा और टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने इसके लिए घरेलू परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया।

सनराइजर्स ने पिछले साल लगातार 200 से अधिक रन बनाए थे, लेकिन इस बार उसके प्रमुख बल्लेबाज ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन विफल रहे और टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। विटोरी ने सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद संवाददाताओं से कहा, “मैंने निश्चित तौर पर हर मैच के बाद यह नहीं कहा कि मैं आक्रामक रुख का समर्थन कर रहा हूं। मैंने कहा कि हम परिस्थितियों का आकलन कर रहे हैं और मुझे लगता है कि इस साल परिस्थितियां हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं थीं।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अगर आप पिछले साल को देखें तो यहां कई हाई स्कोरिंग मैच खेले गए थे लेकिन इस बार पिच थोड़ी अलग थी। उन पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। इसलिए हमने सिर्फ परिस्थितियों के अनुसार खेलने के बारे में बात की।” सनराइजर्स ने इस सीजन की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ छह विकेट पर 286 रन बनाकर की थी। इसके अलावा पंजाब किंग्स के खिलाफ 245 रनों का लक्ष्य भी उन्होंने आसानी से हासिल कर लिया था। इन दो मैचों के अलावा अन्य मैचों में उनके बल्लेबाज कोई कमाल नहीं दिखा सके।

विटोरी ने कहा, “मेरा मानना ​​है कि हमारे खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से आक्रामक हैं। निश्चित रूप से, इस सत्र में हमने सीखा है कि किस दिन क्या करना महत्वपूर्ण है। हमने यहां चार मैच खेले जो तेज गेंदबाजों के अनुकूल थे। गेंद रुककर बल्ले पर आ रही थी और ऐसी परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना आसान नहीं था।”

ये भी पढ़ें- Smartphones Under 20K: Motorola से लेकर Realme तक! बस इतने में मिलेंगे ये धांसू स्मार्टफोन, देखें लिस्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें