Site icon Dainik Savera Times

डेब्यू के समय नहीं सोचा था कि 100 टी20 खेलूंगा : Axar Patel

एजैंसी (ब्रिस्टल): भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह भारत के लिए 100 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने साथियों, कोचों और परिवार को दिया। इंग्लैंड दौरे के दूसरे टी20 में 100 टी20 अंतर्राष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाले अक्षर बृहस्पतिवार को श्रृंखला के चौथे मुकाबले में अपना 100वां टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेंगे। एक वीडियो में अक्षर ने कहा, ‘जब मैंने पहला टी20 खेला था, तब कभी नहीं सोचा था कि 100 मैच खेलूंगा।

इस दौरे के दूसरे टी20 में मैंने 100 विकेट पूरे किए और अब 100वां मैच खेल रहा हूं। यह मेरे लिए बेहद खास पल है।’ उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की उपलब्धि सिर्फ उसकी नहीं होती, बल्कि उसमें साथी खिलाड़ियों, कोचों और परिवार का भी बड़ा योगदान होता है। भारत के लिए एक भी मैच खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है और 100वें मैच का अहसास शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। अक्षर ने अपने करियर को उतार-चढ़ाव भरा लेकिन सीख देने वाला सफर बताते हुए कहा कि शुरुआती पांच-छह वर्षों में उन्हें सिर्फ 15-16 मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन 2021 के बाद से वह लगातार टीम का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 2024 और 2026 के टी20 विश्व कप जीतने जैसी यादें उनके 100वें मैच को और भी खास बनाती हैं। अक्षर ने कहा कि व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा उनके लिए टीम की सफलता मायने रखती है। उन्होंने कहा कि 100 विकेट लेना खुशी की बात है, लेकिन यह वर्षों की कड़ी मेहनत, गलतियों से मिली सीख और लगातार बेहतर बनने की कोशिश का परिणाम है।

Exit mobile version