Site icon Dainik Savera Times

IND vs NZ: ‘मैं न्यूजीलैंड में शतक बनाना चाहता था’: ऋषभ पंत

rishab pant

वेलिंगटन: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे। टेस्ट मैच के चौथे दिन बेहतरीन शतक लगाया। टेस्ट क्रिकेट में पंत का यह 9वां शतक था और इस शतक के साथ ही वह सेना (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। बाएं हाथ के बल्लेबाज पंत अपनी शतकीय पारी से खुश नजर आए।

दिन का खेल समाप्त होने के बाद पंत ने कहा, “मुझे लगता है कि यह निश्चित रूप से एक अच्छा शतक था। न्यूजीलैंड एक ऐसी जगह थी, जहां मैं पक्का उस शतक पर नजर गड़ाए हुए था। मैंने यह पक्का किया कि इस तरह के विकेट पर, जहां आपको मेहनत करनी पड़ती है और हर कोई अच्छी बैटिंग कर रहा होता है, मैं बस वहां ज्यादा से ज्यादा देर तक टिकना चाहता था और अपना प्रभाव डालना चाहता था।”

पंत ने कहा, “मैं ज्यादातर समय गेंदबाज के दिमाग से खेलने की कोशिश करता हूं, लेकिन ज्यादातर समय सिंपल रखता हूं। जब भी मुझे गेंद दिखती है, मैं उसे हिट करने की कोशिश करता हूं। मुझे लगता है कि अगर यह मेरे एरिया में है, तो मैं इसे पक्का हिट करने की कोशिश करूंगा। मैं जब भी शतक बनाने की कोशिश करता हूं, तो छक्का मारकर इसे पूरा करने की कोशिश करता हूं। इस वजह से, मैं कई शतक भी चूक गया हूं। मैं इंतजार कर रहा था। सही मौका आने पर मैंने शॉट लगाया।”

अपनी शतकीय पारी के दौरान पंत ने 6 छक्के लगाए और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर आ गए। करियर में निर्धारित अन्य लक्ष्यों से जुड़े सवालों पर पंत ने कहा, “बचपन में, मेरे मन में ऐसे लक्ष्य हुआ करते थे कि बहुत सारे छक्के मारने हैं। लेकिन आप जानते हैं, अभी अपने करियर में, मैं अब उसके बारे में नहीं सोच रहा हूं। मैं बस और ज्यादा कंसिस्टेंट रहना चाहता हूं और जहां भी खेलूं, प्रभाव डालना चाहता हूं। मेरे बारे में एक बात यह है कि जब भी मैं फील्ड पर जाता हूं, चाहे फील्डिंग हो या बैटिंग, मैं बहुत मजा करना चाहता हूं।

Exit mobile version