नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रचा है। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक जैसी मजबूत टीम को हराकर अपना पहला खिताब जीता। इस ऐतिहासिक सफलता पर टीम के देश के हर वर्ग से बधाइयां मिल रही हैं। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने भी जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाऊंट पर शाह और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘रणजी ट्रॉफी में जम्मू और कश्मीर की ऐतिहासिक जीत इस क्षेत्र में क्रिकेट के लिए गर्व की बात रहेगी।
अपनी यादगार जीत के बाद, खिलाड़ियों ने आईसीसी अध्यक्ष जय शाह से मिलने और उनके साथ यह खास पल साझा करने की दिली इच्छा जताई थी। खिलाड़ियों ने बीसीसीआई सचिव के तौर पर जय शाह द्वारा जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए किए गए कार्यों को भी सराहा।’

