Site icon Dainik Savera Times

इस पाकिस्तानी क्रिकेटर पर ICC का बड़ा एक्शन, बैन लगाया और कई मैचों के रिकॉर्ड भी रद्द

खेल डेस्क: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज और ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ मिलने के बाद नवाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद ICC ने उन पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया है। हालांकि, अगर वह ICC के तय किए गए नशा मुक्ति (रीहैबिलिटेशन) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, तो उनकी सजा घटकर सिर्फ एक महीने की रह जाएगी।

कब का है मामला?

यह मामला 7 फरवरी 2026 का है। उस दिन श्रीलंका के कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेले गए ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के बाद मोहम्मद नवाज का डोप टेस्ट किया गया था। जांच रिपोर्ट में उनके सैंपल में कार्बोक्सी-टीएचसी (Carboxy-THC) नाम का प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया। ICC के एंटी-डोपिंग नियमों के अनुसार इसे नशीले पदार्थों की श्रेणी में रखा जाता है।

डोपिंग नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकारी

ICC ने बताया कि मोहम्मद नवाज ने डोपिंग नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली। साथ ही उन्होंने यह भी साबित किया कि इस पदार्थ का सेवन उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान नहीं, बल्कि प्रतियोगिता से बाहर किया था और इसका मकसद खेल में बेहतर प्रदर्शन करना नहीं था। इसी वजह से ICC ने उनके मामले में नियमों के अनुसार तीन महीने का प्रतिबंध लगाया। यह बैन 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया है, क्योंकि इसी दिन नवाज ने स्वैच्छिक अस्थायी निलंबनस्वीकार कर लिया था।

ICC ने यह भी कहा कि मोहम्मद नवाज ने नशा मुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमति जताई है। अगर वह यह कार्यक्रम ICC की शर्तों के अनुसार पूरा कर लेते हैं, तो उन्हें पूरे तीन महीने का प्रतिबंध नहीं झेलना पड़ेगा और उनकी सजा घटकर एक महीने रह जाएगी। फिलहाल, ढाई महीने का निलंबन पूरा होने के बाद उनका अस्थायी निलंबन भी हटा दिया गया है।

ICC ने रिकॉर्ड रद्द कर दिए

इसके अलावा, ICC ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि 7 फरवरी 2026 को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मैच से लेकर 1 मई 2026 तक मोहम्मद नवाज द्वारा खेले गए सभी मुकाबलों के व्यक्तिगत रिकॉर्ड रद्द कर दिए गए हैं। इसका मतलब है कि इस अवधि में उनके बनाए गए रन, लिए गए विकेट और अन्य व्यक्तिगत आंकड़ों को आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया जाएगा। हालांकि, टीम के मैचों के नतीजों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

Exit mobile version