IND-W vs AUS-W: भारत की मेजबानी में 30 सितंबर से आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है, जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान कर चुकी हैं। वर्ल्ड कप से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अपने प्रदर्शन को परखने का शानदार मौका मिलने वाला है। बता दें कि टीम इंडिया 14 सितंबर से घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। यह सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के सामने भारत का रिकॉर्ड अब तक कमजोर रहा है।
अब तक सिर्फ 10 मैचों में मिली है टीम इंडिया को जीत
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम का तीनों फॉर्मेट में दबदबा रहा है। वनडे फॉर्मेट में दोनों टीमों के आमने-सामने हुए अब तक 56 मुकाबलों में भारत को सिर्फ 10 मैचों में जीत मिली है, जबकि 46 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पिछले 5 वनडे मैचों पर नजर डालें तो सभी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत दर्ज की है। ऐसे में आने वाली यह सीरीज भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होगी और उसे अपनी रणनीति और खेल दोनों में मजबूती दिखानी होगी।
भारतीय टीम के लिए इस सीरीज में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर का प्रदर्शन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण रहेगा। दोनों खिलाड़ियों का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। स्मृति मंधाना अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और स्थिर शुरुआत के लिए जानी जाती हैं, जबकि हरमनप्रीत कौर मध्यक्रम को मजबूत बनाने के साथ तेज रन जुटाने में माहिर हैं। वर्ल्ड कप से ठीक पहले दोनों का फॉर्म टीम इंडिया की उम्मीदों को नई दिशा दे सकता है।
इस स्टेडियम में खेला जाएगा पहला मुकाबला
इस तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 14 सितंबर को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्टेडियम में खेला जाएगा, दूसरा मैच 17 सितंबर को यहीं होगा। तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में निर्धारित है। भारतीय दर्शकों के लिए यह सीरीज वर्ल्ड कप की रोमांचक शुरुआत से पहले एक बड़ा आकर्षण होगी।

