मुंबई: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो भारत टी-20 विश्व कप में 2 स्पिनरों को खिलाने से संकोच नहीं करेगा। उन्होंने साथ ही वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को लेकर चयन की उलझन को बहुत अच्छा सिरदर्द बताया। कुलदीप और वरुण दोनों ने टी-20 विश्व कप से पहले भारत की अंतिम श्रृंखला में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैच की टी-20 सीरीज में हिस्सा लिया था लेकिन दोनों को एक साथ केवल रायपुर में हुए दूसरे टी-20 मैच में ही मौका मिला जिसमें भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की।
अमरीका के खिलाफ टी20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले से पहले मीडिया से बात करते सूर्यकुमार ने कहा, यह एक अतिरिक्त फायदा है कि आपके पास इतने अच्छे गेंदबाज उपलब्ध हैं लेकिन साथ ही आपको टीम संयोजन भी देखना होता है कि किस प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ किसे खिलाया जाए।’ भारतीय कप्तान ने कहा, अगर जरूरत होगी कि हम 2 स्पिनर या 2 कलाई के स्पिनर को खिला सकते हैं तो हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे, लेकिन वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे विकल्प होना हमेशा अच्छा होता है।
ये दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में से हैं और यह एक बहुत अच्छा सिरदर्द है।’ सूर्यकुमार ने कहा कि टीम के पास दाएं हाथ के बल्लेबाजों की तुलना में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा होना भी एक अच्छी परेशानी है। ईशान किशन के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है।

