Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

ILT20 2025-26: धूमधाम के साथ शुरू हुआ नया सीजन, जानें भारत में कब और कहां देख सकेंगे LIVE

December 2, 2025

ILT20 2025-26: धूमधाम के साथ शुरू हुआ नया सीजन, जानें भारत में कब और कहां देख सकेंगे LIVE

ILT20 2025-26 Live Streaming: इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) का चौथा सीजन 2 दिसंबर से संयुक्त अरब अमीरात में एक बार फिर क्रिकेट रोमांच लेकर लौट आया है। बता दें कि महज 10 महीनों के अंतराल में इस लीग की वापसी इसलिए संभव हो पाई क्योंकि फरवरी 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के चलते क्रिकेट कैलेंडर में एक उपयुक्त विंडो मिल गई। इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जिनमें सबसे अहम है पहली बार आयोजित किया गया प्लेयर ऑक्शन। इससे टीमों को अपने स्क्वाड को नए सिरे से मजबूत बनाने का मौका मिला है। कुल 6 टीमें 2 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलने वाले इस सीजन में ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी।

बड़े सितारों की वापसी और नई जिम्मेदारियां

T20 के कई दिग्गज खिलाड़ी इस बार लीग का हिस्सा हैं। वेस्टइंडीज के स्टार कायरन पोलार्ड और निकोलस पूरन एक बार फिर परिचित ब्लू जर्सी में नजर आएंगे। न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी शारजाह वॉरियर्स की कमान संभाल रहे हैं, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन इस बार डेजर्ट वाइपर्स की कप्तानी कर रहे हैं। दुबई कैपिटल्स में दसुन शनाका, गुलबदीन नाइब और रोवमन पॉवेल जैसे धुरंधरों का संयोजन टीम को मजबूती देगा। गल्फ जायंट्स का नेतृत्व एक बार फिर सलामी बल्लेबाज जेम्स विंस करेंगे।

चूंकि IPL ऑक्शन करीब है, ऐसे में कई विदेशी खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो, रहमानुल्लाह गुरबाज, जेसन होल्डर, लियाम लिविंगस्टोन और नवीन-उल-हक इस लीग को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच मान रहे हैं।

भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ी दिलचस्पी

इस बार भारतीय फैंस के लिए भी खास मौका है, क्योंकि अनुभवी विकेटकीपर दिनेश कार्तिक और लेग स्पिनर पीयूष चावला लीग में खेलते हुए दिखेंगे। इसके अलावा U19 विश्व कप विजेता कप्तान उन्मुक्त चंद अबू धाबी नाइट राइडर्स की जर्सी में नजर आएंगे। ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैंपियन दुबई कैपिटल्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच खेला जाना सीजन की रोमांचक शुरुआत का संकेत देता है।

भारत में LIVE मैच देखने का तरीका

भारतीय दर्शक ILT20 को Z नेटवर्क के चैनलों &Pictures SD, Zee Cinema HD, Zee Action, Zee Thirai SD और Zee Cinemalu पर लाइव देख सकते हैं। डिजिटल दर्शकों के लिए Zee5 और FanCode ऐप/वेबसाइट पर सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें