Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs AFG: टी20 सीरीज में भारत के खिलाफ पहली जीत की तलाश में अफगानिस्तान, क्या इस बार बदलेगा इतिहास?

September 8, 2026

IND vs AFG: टी20 सीरीज में भारत के खिलाफ पहली जीत की तलाश में अफगानिस्तान, क्या इस बार बदलेगा इतिहास?

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज सितंबर में खेली जाएगी। दोनों टीमों के बीच मैच 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली स्थित अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। खास बात यह है कि मुकाबले भारत की जमीन पर होने के बावजूद इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रहा है। यानी अफगानिस्तान पहली बार भारत में रहकर भारतीय टीम के खिलाफ अपनी घरेलू सीरीज की मेजबानी करेगा।

अफगानिस्तान ने हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। टीम ने वनडे और टी20 क्रिकेट में कई मजबूत और विश्व चैंपियन टीमों को हराकर अपनी क्षमता साबित की है। हालांकि, भारत के खिलाफ अफगानिस्तान अभी तक किसी भी फॉर्मेट में जीत दर्ज नहीं कर पाया है। आगामी टी20 सीरीज उसके लिए इस रिकॉर्ड को बदलने का बड़ा अवसर होगी।

ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/sports/us-open-2026-coco-gauff-beats-iva-jovic-quarterfinal/

अफगानिस्तान के क्रिकेट को मजबूत करने में भारत की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। भारतीय क्रिकेट अधिकारियों ने अलग-अलग समय पर नोएडा और देहरादून के क्रिकेट स्टेडियमों का इस्तेमाल अफगानिस्तान को घरेलू मुकाबलों के आयोजन के लिए करने दिया। इन मैदानों पर अफगान टीम ने अन्य देशों के खिलाफ भी अपने मुकाबले आयोजित किए हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कई मौकों पर क्रिकेट के विकास में भारत से मिले सहयोग की सराहना कर चुका है।

सीरीज को लेकर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी उत्साह जाहिर किया है। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बोर्ड ने इसे दोनों देशों के बीच क्रिकेट के साथ-साथ साझा इतिहास, संस्कृति और खेल के प्रति जुनून को जोड़ने वाला अवसर बताया था। बोर्ड के संदेश में अफगानिस्तान की टीम को ‘अफगानअटालान’ के नाम से मैदान पर उतरने और देशवासियों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करने की बात कही गई थी।

दोनों टीमों के बीच अब तक 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका। ऐसे रिकॉर्ड के बीच अफगानिस्तान की नजरें इस बार भारत के खिलाफ अपनी पहली टी20 जीत हासिल करने पर रहेंगी। टीम ने आगामी सीरीज के लिए अपने खिलाड़ियों के नाम भी घोषित कर दिए हैं।

अफगानिस्तान की टी20 टीम में इब्राहिम जादरान को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज और नूर रहमान विकेटकीपर के तौर पर शामिल हैं। अन्य खिलाड़ियों में सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह ओमरजाई, गुलबदीन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें