Site icon Dainik Savera Times

IND vs AUS : KL Rahul के अर्धशतक से भारत के छह विकेट पर 167 रन

ब्रिसबेन: केएल राहुल के संयम से भरे अर्धशतक के बावजूद भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन मंगलवार को लंच तक छह विकेट 167 रन पर गंवा दिए। आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों से मिल रही कड़ी चुनौती का डटकर सामना करने वाले राहुल (139 गेंद में 84 रन) और रंविद्र जडेजा (77 गेंद में नाबाद 41 रन) ने छठे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। राहुल शतक से वंचित रह गए और नाथन लियोन की गेंद पर पहली स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे।

जडेजा के साथ नीतिश कुमार रेड्डी सात रन बनाकर लंच के समय क्रीज पर हैं । बारिश के कारण पहले सत्र में खेल में खलल पड़ा था। भारतीय टीम अभी भी 278 रन पीछे है। अपने कल के स्कोर चार विकेट पर 51 रन से आगे खेलते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने जुझारूपन दिखाया और राहुल संकटमोचक साबित होते दिखे। राहुल भाग्यशाली रहे जिन्हें दिन की पहली गेंद पर दूसरी स्लिप में स्मिथ से जीवनदान मिला जबकि पैट कंमिस गेंदबाज थे। उस समय राहुल 33 रन पर थे।

आस्ट्रेलिया ने उनके लिये तीन स्लिप और एक गली फील्डर लगाया था ताकि राहुल को गलती करने पर मजबूर कर सके। लेकिन राहुल ने ढीली गेंदों का इंतजार किया और कोई जोखिम नहीं उठाया। कंमिस ने उन्हें आफ स्टम्प के बाहर भी गेंदें डाली जिन्हें या तो उन्होंने छोड़ दिया या रक्षात्मक खेला ।ऐसा लग रहा था मानो वह चेतेश्वर पुजारा की बल्लेबाजी के वीडियो देखकर आये हैं कि आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को कैसे थकाना है।

वहीं कप्तान रोहित शर्मा (10) एक बार फिर नाकाम रहे । उन्होंने आफ स्टम्प पर पड़ती कंमिस की गेंद पर बल्ला अड़ाया और विकेट के पीछे एलेक्स कारी ने उन्हें चपलता से चलता कर दिया। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पिंडली में चोट के कारण मैदान से चले गए जिससे मेजबान टीम को एक गेंदबाज की कमी खली । हेजलवुड की चोट का स्कैन कराया जाएगा।

Exit mobile version