Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs AUS T20 Final: श्रेयस और चाहर के प्रदर्शन पर होगी निगाह, वाशिंगटन को मिल सकता है मौका

December 2, 2023

IND vs AUS T20 Final: श्रेयस और चाहर के प्रदर्शन पर होगी निगाह, वाशिंगटन को मिल सकता है मौका

बेंगलुरू: श्रृंखला में पहले ही अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका के दौरे को ध्यान में रखकर श्रेयस अय्यर और दीपक चाहर के प्रदर्शन पर विशेष गौर करेगी। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 10 सितंबर से टी20 श्रृंखला खेलनी है जिसमें अय्यर और चाहर की भूमिका अहम होगी।

अय्यर ने वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ रायपुर में शुक्रवार को उन्होंने पिछले एक साल से भी अधिक समय में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इस मैच में उन्होंने सात गेंद का सामना करके आठ रन बनाए जिनमें कोई बाउंड्री शामिल नहीं है।इसलिए दक्षिण अफ्रीका जाने से पहले अय्यर चिन्नास्वामी स्टेडियम में बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कुछ दिन पहले ही वनडे विश्व कप में इस मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ शतक लगाया था।

अय्यर की तरह चाहर ने भी चोटिल होने के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद वापसी की है। रायपुर में खेला गया मैच उनका टी20 प्रारूप में भारत की तरफ से पिछले साल अक्टूबर के बाद पहला मैच था।इस 31 वर्षीय तेज गेंदबाज ने टिम डेविड और मैथ्यू शॉर्ट के विकेट लेकर प्रभाव डाला, लेकिन उन्होंने अपने चार ओवर के कोटे में 44 रन दिए। चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच उनके अनुकूल नहीं हो सकती है लेकिन अपनी विविधता पूर्ण गेंदबाजी के कारण चाहर सफलता हासिल कर सकते हैं।

दक्षिण अफ्रीका के दौरे से पहले टीम प्रबंधन आफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को भी इस मैच में मौका दे सकता है। वाशिंगटन भी पिछले कुछ समय से चोटों से परेशान रहे हैं। उन्हें बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है जिन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली है।

भारत की तरफ से बल्लेबाजी में कप्तान सूर्यकुमार यादव, रुतुराज गायकवाड़, रिंकू सिंह, यशस्वी जयसवाल और इशान किशन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले मैच में किशन की जगह खेलने वाले जितेश शर्मा ने भी अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने अभी तक सात विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया है।

दूसरी तरफ आस्ट्रेलिया की टीम ने अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया है। उसकी टीम जीत के साथ श्रृंखला का अंत करके स्वदेश लौटना चाहेगी।टीम इस प्रकार हैं:

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, अवेश खान, मुकेश कुमार।

आस्ट्रेलिया: मैथ्यू वेड (कप्तान), जेसन बेहरेनडोर्फ, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, क्रिस ग्रीन, आरोन हार्डी, ट्रैविस हेड, बेन मैकडरमॉट, जोश फिलिप, तनवीर सांघा, मैट शॉर्ट, केन रिचर्डसन। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें