Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

पहले बुमराह ने बरपाया कहर, फिर निकोलस-फिलिप्स ने किया पलटवार, 173 रन की साझेदारी से संभली कीवी टीम

November 19, 2026

पहले बुमराह ने बरपाया कहर, फिर निकोलस-फिलिप्स ने किया पलटवार, 173 रन की साझेदारी से संभली कीवी टीम

IND vs NZ 1st Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे टेस्ट मैच का पहला दिन समाप्त हो गया। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय न्यूजीलैंड ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 243 रन बना लिए हैं।

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान टॉम लैथम और डेवन कोनवे जल्दी आउट हो गए। लैथम 0 और कोनवे 4 के स्कोर पर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हेनरी निकोलस ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रचिन रवींद्र (15), डेरिल मिशेल (1) और विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल (5) के विकेट गिरने से टीम की मुश्किलें बढ़ गईं।

फिलिप्स और निकोलस ने संभाली पारी
70 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी मेजबान टीम को निकोलस और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ग्लेन फिलिप्स ने संभाल लिया है। दोनों ने अब तक नाबाद 173 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 5 विकेट पर 243 तक पहुंचा दिया है। दोनों बल्लेबाजों ने दो सेशन तक भारतीय टीम को विकेट से दूर रखा है। इस साझेदारी की वजह से कीवी टीम मुश्किल से निकलकर सम्मानजनक स्थिति में पहुंची है।

शतक के करीब हैं ग्लेन फिलिप्स
हेनरी निकोलस ने बेहतरीन शतक लगाया है। निकोलस 221 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 113 रन बनाकर खेल रहे हैं। निकोलस का यह 12वां टेस्ट शतक है। ग्लेन फिलिप्स भी शतक के करीब हैं। फिलिप्स 182 गेंदों का सामना करने के बाद 94 रन पर खेल रहे हैं। मैच के दूसरे दिन फिलिप्स के शतक पर नजर रहेगी।

संघर्ष करते नजर आए भारतीय गेंदबाज
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 3 और अंशुल कंबोज-आकाशदीप ने 1-1 विकेट लिए हैं। पहले सेशन में कीवी टीम पर दबदबा बनाने वाले भारतीय गेंदबाज आखिरी 2 सेशन में संघर्ष करते नजर आए।

इससे पहले भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बड़े खिलाड़ियों को जगह नहीं दी है। भारत की प्लेइंग इलेवन में दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का नाम नहीं है। उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर खेल रहे हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें