IND vs NZ 2nd test day 2: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहली पारी में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 356 रन बनाकर ऑलआउट हुई। आकाश दीप ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके।
टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने 246/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। टीम ने अपने स्कोर में एक रन ही जोड़ा था कि ग्लेन फिलिप्स को 36 रनों के स्कोर पर अंशुल कंबोज ने पवेलियन भेजा। फिलिप्स ने अपनी इस पारी में 5 चौके लगाए। इसके बाद टॉम ब्लंडेल ने नाथन स्मिथ के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 83 गेंदों में 44 रन जोड़े। स्मिथ 26 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद का शिकार बने।
ये भी पढ़ें- Men’s Asia Cup Rising Stars: फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान-A, रविवार को श्रीलंका-ए से होगा खिताबी मुकाबला
शतक से चूके ब्लंडेल
ब्लंडेल अपने शतक से 11 रनों से चूक गए और 211 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी में 10 चौके लगाए। काइल जेमिसन ने 19 रनों का योगदान दिया। वहीं, मैट हेनरी भी 19 रन बनाने के बाद आकाश दीप की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच थमाकर पवेलियन लौटे।
जैकब डफी 2 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले, टेस्ट के पहले दिन टॉम लाथम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 128 गेंदों में 59 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके लगाए। वहीं, डेवोन कॉनवे ने 31 रनों का योगदान दिया। हेनरी निकोल्स ने 16 रन बनाए, तो रचिन रविंद्र बिना खाता खोले आउट हुए। डेरिल मिचेल अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
भारत का गेंदबाजों का प्रदर्शन
भारत की ओर से गेंदबाजी में आकाश दीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31.1 ओवर के स्पेल में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए। डेब्यूटेंट गुरनूर बरार ने 78 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि अंशुल कंबोज भी 2 विकेट निकालने में सफल रहे। वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट चटकाया।
भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। प्रसिद्ध कृष्णा के स्थान पर गुरनूर बरार को टीम में जगह दी गई है।