Site icon Dainik Savera Times

IND vs NZ 4th ODI: न्यूजीलैंड ने भारत के सामने रखा 334 रनों का मजबूत लक्ष्य, विल यंग ने खेली शतकीय पारी

IND vs NZ 4th ODI

IND vs NZ 4th ODI

IND vs NZ 4th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला बे ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 333 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। विल यंग और टिम सीफर्ट ने मिलकर पहले विकेट के लिए 11.6 ओवर में 85 रन जोड़े। सीफर्ट ने अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 48 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में सीफर्ट ने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके बाद निक केली बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 4 रन बनाकर आउट हुए। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को आकिब नबी ने 8 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद विल यंग ने फिन एलन संग मिलकर टीम की पारी को संभाला।

ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का खेल पर असर, अमेरिका ने फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप 2026 से नाम लिया वापस

 

यंग ने लगाया पांचवां शतक
एलन और यंग ने चौथे विकेट के लिए 65 गेंदों में 90 रनों की साझेदारी की। फिन एलन 30 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, यंग ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने वनडे करियर का पांचवां शतक पूरा किया। उन्होंने 108 गेंदों का सामना करते हुए 125 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में यंग ने 14 चौके और 4 छक्के लगाए। माइकल ब्रेसवेल सिर्फ 15 रन ही बना सके, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर 29 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद अर्शदीप सिंह की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौटे।

महंगे साबित हुए भारतीय गेंदबाज
क्रिस्टियन क्लार्क ने अंत के ओवरों में महत्वपूर्ण 22 रन बनाए, जबकि काइल जेमिसन 19 रन बनाकर नाबाद रहे। पारी के आखिरी ओवर में मैट हेनरी (2 रन) और मैथ्यू फिशर (1 रन) लगातार दो गेंदों में रनआउट हुए। भारत की ओर से गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने 10 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि गुरनूर बरार ने 69 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं, आकिब नबी ने 59 रन देकर दो विकेट झटके। नमन धीर और अर्शदीप एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

Exit mobile version