Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को मिली करारी हार, 3-0 से हारी सीरीज

November 3, 2024

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को मिली करारी हार, 3-0 से हारी सीरीज

IND vs NZ : एजाज पटेल के 6 और ग्लेन फिलिप्स 3 विकटों की शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार के दिन भारत को 25 रनों से हरा दिया। इसी जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज भी 3-0 से अपने नाम कर ली हैं।

लंच के बाद जीत की ओर बढ़ रहे भारत को 22वें ओवर में एजाज पटेल ने ऋषभ पंत (64) को आउट कर भारत को झटका देते हुए न्यूजीलैंड की मैच में वापसी करा दी। पंत ने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभालने का प्रयास किया। लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने अश्विन को 8 रनो पर और आकाश दीप को शून्य पर आउट कर भारत की उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया।

30वें ओवर में एजाज ने वॉशिंगटन सुंदर को 12 रनों पर बोल्ड कर 121 के स्कोर पर भारतीय पारी का अंत कर मुकाबला 25 रनों से जीत लिया। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की श्रृंखला 3-0 से जीत ली। इस हार से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक तालिका में भी भारत को बड़ा धक्का लगेगा।

न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में 174 रन पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने एक के बाद एक 29 के स्कोर पर अपने चार विकेट गवां दिये। कप्तान रोहित शर्मा 11, शुभमन गिल 01, यशस्वी जायसवाल 05 और विराट कोहली 01 रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद रवींद्र जडेजा ने ऋषभ पंत के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच 42 रनों की साझेदारी हुई। 16वें ओवर में एजाज पटेल ने विल यंग के हाथों कैच पकड़वा के जडेजा को आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये वॉशिंगटन सुंदर और पंत ने पारी को संभाला। इस दौरान ऋषभ पंत ने अपना अर्धशतक पूरा किया।

न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने छह विकेट लिये। ग्लेन फिलिप्स को तीन विकेट मिले। मैट हेनरी ने एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले रवींद्र जडेजा और अश्विन की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में 174 के स्कोर पर समेट दिया। दूसरी पारी में रविंद्र जडेजा ने सर्वाधिक पांच विकेट लिये, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट झटके। आकाश दीप और वॉशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला।

वानखेड़े की पिच पर न्यूजीलैंड ने कल के 171 के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। स्कोर में अभी चार रन जुडे थे कि रवींद्र जडेजा ने आकाश दीप के हाथों एजाज पटेल (08) को कैच आउट कराकर न्यूजीलैंड की दूसरी पारी का 45.5 ओवर में 174 के स्कोर पर समाप्त कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें