Site icon Dainik Savera Times

ODI सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को लगा दोहरा झटका, ये दो बड़े खिलाड़ी हुए बाहर

IND vs NZ ODI series

IND vs NZ ODI series

IND vs NZ ODI series: न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज के आगाज से पहले दोहरा झटका लगा है। रचिन रविंद्र अपनी इंजरी से पूरी तरह से नहीं उबर पाने के चलते वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं, मार्क चैपमैन भी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।

ये दोनों ही खिलाड़ी इंजरी के कारण पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के दौरान चैपमैन के बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट के एक बयान के अनुसार, हाल ही में हुए एमआरआई के बाद उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए अभी दो और हफ्तों के रिहैब की जरूरत है।

दूसरी ओर, एक प्रमोशनल शूट के दौरान हुई एक घटना में रवींद्र के दाएं कंधे का जोड़ खिसक गया था। न्यूजीलैंड क्रिकेट के बयान के मुताबिक, उन्हें पूरी क्षमता के साथ मैदान पर उतरने के लिए अभी और रिकवरी समय की जरूरत है।

ये भी पढ़ें- अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा: रिहायशी इलाके में क्रैश हुआ जेट, NTSB करेगा जांच

 

मार्क और रचिन टीम के अहम खिलाड़ी: कोच
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा, “हर कोई जानता है कि मार्क और रचिन इस टीम के लिए कितने अहम खिलाड़ी हैं, इसलिए यह अफसोस की बात है कि उन्हें यह सीरीज छोड़नी पड़ रही है। पिछले हफ्ते मेरी मार्क से बात हुई थी। वह निराश जरूर हैं, लेकिन मैदान पर वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जहां तक रचिन की बात है, उनके कंधे में अभी तक इतना सुधार नहीं हुआ है कि वह वाइट-बॉल क्रिकेट में आराम से फील्डिंग कर सकें। इस वजह से इस महीने के आखिर में होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए हम कोई अनावश्यक जोखिम नहीं लेना चाहते।”

ये खिलाड़ी हुए टीम में शामिल
विकेटकीपर-बल्लेबाज टिम सीफर्ट को पहले तीन वनडे मैचों के लिए टीम में बुलाया गया है। उन्हें पहले ही सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए चुना गया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स और ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को भी टीम में शामिल किया गया है। निकोल्स को पहले तीन वनडे मैचों के लिए टीम में लिया गया है, जबकि फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे।

पहले तीन मैचों के लिए टीम का हिस्सा होंगे मैट फिशर
तेज गेंदबाज मैट फिशर भी पहले तीन मैचों के लिए टीम का हिस्सा होंगे, जबकि शुरुआत में उन्हें केवल आखिरी दो वनडे मैचों के लिए चुना गया था। मैट हेनरी सोमवार (2 नवंबर) को टीम के साथ जुड़ेंगे। इस दौरान उनके खेलने की स्थिति का आकलन किया जाएगा। हेनरी अपनी दाईं जांघ की मांसपेशियों में हल्की चोट (लो-ग्रेड टियर) के कारण पिछले तीन टी20 मैचों से बाहर थे।

ये भी पढ़ें- Today’s horoscope 2 Nov 2026: किसकी चमकेगी किस्मत और किसे रहना होगा सावधान, जानें सभी 12 राशियों का हाल

 

पहले तीन वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड टीम का स्क्वॉड:
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लाथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।

आखिरी दो वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड टीम का स्क्वॉड:
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

Exit mobile version