Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय टीम से मिली हर पर बोले रिजवान, कहा- हम लगातार एक जैसी गलतियां दोहरा रहे

February 24, 2025

भारतीय टीम से मिली हर पर बोले रिजवान, कहा- हम लगातार एक जैसी गलतियां दोहरा रहे

Ind vs Pak : पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने कहा कि उनके खिलाड़ी लगातार एक जैसी गलती दोहरा रहे हैं और स्वीकार किया है कि यहां भारत से मिली हार के बाद उनकी टीम का चैंपियंस ट्रॉफी अभियान लगभग खत्म हो गया है।

पाकिस्तान को रविवार को यहां भारत के हाथों छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गई हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड ने उसे 60 रन से हराया था। ग्रुप ए में उसका आखिरी मुकाबला 27 फरवरी को बांग्लादेश से होगा।

रिजवान ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा सफर लगभग समाप्त हो चुका है। अब हमें अन्य मैचों के परिणाम पर निर्भर रहना होगा। एक कप्तान के रूप में मुझे इस तरह की स्थिति पसंद नहीं है। हमें अपनी किस्मत खुद लिखनी चाहिए थी।’’ उन्होंने भारत की जीत का श्रेय विराट कोहली को दिया जिन्होंने वनडे में 51वां और पाकिस्तान के खिलाफ चौथा शतक लगाया।

रिजवान ने कहा, ‘‘उन्होंने जितनी कड़ी मेहनत की उससे मैं हैरान हूं। दुनिया कह रही है कि वह फॉर्म में नहीं है लेकिन इतने बड़े मैच में उन्होंने सहजता से रन बनाए। हमने उन्हें आउट करने के लिए हर संभव प्रयास किए लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक मैच का सवाल है तो निश्चित तौर पर हम निराश हैं। हमने तीनों विभाग में गलतियां की। हम बीच के ओवरों में विकेट हासिल करने में असफल रहे।’’

पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले त्रिकोणीय श्रृंखला में न्यूजीलैंड से दो मैच में हार का सामना करना पड़ा था। रिजवान ने कहा कि उनकी टीम गलतियों से सबक नहीं ले पाई है। उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो हम लगातार वही गलतियां दोहरा रहे हैं जो हमने पिछले मैचों में की थी। हमने अपनी तरफ से प्रयास किए लेकिन मुझे लगता है कि वह पर्याप्त नहीं थे क्योंकि भारतीय टीम ने हमसे बेहतर प्रयास किए।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें