Site icon Dainik Savera Times

IND vs SA: रवींद्र जडेजा के सामने दो बड़े रिकॉर्ड, गुवाहाटी टेस्ट में रच सकते हैं इतिहास

IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ का दूसरा मुकाबला भारतीय टीम के लिए निर्णायक बन गया है। बता दें कि पहले टेस्ट में 30 रनों से हार झेलने के बाद अब टीम इंडिया को सीरीज़ में वापसी करने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत होगी। यह मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस अहम मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के सामने दो बड़े कीर्तिमान अपने नाम करने का शानदार मौका होगा।

जडेजा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 टेस्ट विकेट पूरे करने का मौका

जडेजा हाल के वर्षों में भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक बनकर उभरे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। अब तक उन्होंने इस टीम के खिलाफ 10 टेस्ट मुकाबलों में 46 विकेट हासिल किए हैं। बता दें कि गुवाहाटी टेस्ट में यदि जडेजा चार और विकेट अपने नाम करते हैं, तो वे इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 50 या उससे अधिक विकेट लेने वाले मात्र पांचवें भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

SA के खिलाफ टेस्ट में ज्यादा विकेट हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ी

अनिल कुंबले (21 टेस्ट मैच) – 84 विकेट
जवागल श्रीनाथ (13 टेस्ट मैच) – 64 विकेट
हरभजन सिंह (11 टेस्ट मैच) – 60 विकेट
रविचंद्रन अश्विन (14 टेस्ट मैच) – 57 विकेट
मोहम्मद शमी (11 टेस्ट मैच) – 48 विकेट
रवींद्र जडेजा (10 टेस्ट मैच) – 46 विकेट

350 टेस्ट विकेट पूरे करने के करीब

जडेजा केवल दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध नहीं, बल्कि कुल टेस्ट क्रिकेट में भी एक बड़ा मील का पत्थर पार करने के करीब हैं। अब तक वे 88 टेस्ट मैचों में 342 विकेट हासिल कर चुके हैं। यानी सिर्फ आठ विकेट और लेने पर वे टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा छू लेंगे। अगर ऐसा होता है तो वे भारत की ओर से यह उपलब्धि पाने वाले पांचवें गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले अनिल कुंबले, कपिल देव, हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन यह रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

Exit mobile version