Site icon Dainik Savera Times

IND vs SL ODI: इंडिया के खिलाफ ODI सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका ने टीम में शामिल किया ये खतरनाक बैट्समैन

कोलंबो: श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के लिए ओपनिंग बल्लेबाज निशान मदुष्का को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है।

2023 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू 
24 साल के निशान ने अप्रैल 2023 में टेस्ट क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और अब तक आठ टेस्ट मैचों में 42 की औसत से रन बनाए हैं। पिछले साल आयरलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने अपने पहले टेस्ट शतक को दोहरे शतक में बदलने का कारनामा भी किया था।

बैकअप ओपनर रहेंगे मदुष्का
हालांकि, टीम में पथुम निसांका और कुशल मेंडिस के ओपनिंग करने की उम्मीद है इसलिए निशान मदुष्का बैकअप ओपनर के रूप में रह सकते हैं। चरित असलंका को टी20 टीम की कप्तानी मिलने के बाद वनडे टीम की भी कमान सौंपी गई है और निशान मदुष्का के अलावा टीम में और कोई नया खिलाड़ी शामिल नहीं किया गया है।

चमीरा और तुषारा स्क्वॉड का हिस्सा नहीं 
बांग्लादेश दौरे की तुलना में इस टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं। तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना फिटनेस मुद्दों के कारण बांग्लादेश दौरा नहीं कर सके थे, लेकिन अब टीम में वापसी कर रहे हैं। नुवान तुषारा और दुष्मंत चमीरा चोट के कारण बाहर हैं, जबकि प्रमोद मदुशन को टीम से बाहर किया गया है। लंका प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन के दम पर युवा तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो को टीम में शामिल किया गया है, जिनसे दिलशान मदुशंका के साथ नई गेंद का जिम्मा संभालने की उम्मीद है।

2 अगस्त से शुरू होगी वनडे सीरीज 
भारत और श्रीलंका के बीच 3 वनडे की सीरीज 2 अगस्त से शुरू होगी। भारत ने टी-20 सीरीज के 2 मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली। तीसरा टी-20 मैच पल्लेकेले में खेला जा रहा है।

श्रीलंकाई वनडे टीम: चरित असलंका (कप्तान), कुशल मेंडिस, पथुम निसांका, अविशका फर्नांडो, निशान मदुष्का, जनित लिंयांगे, कामिन्दु मेंडिस, सादेरा समरविक्रमा, चामिका करुणारत्ने, वानिन्दु हसरंगा, माहीश थीक्षना, असिथा फर्नांडो, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका, अकिला धनंजय, दुनीथ वेलालगे

Exit mobile version