गॉल : सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के शानदार शतक और कप्तान ध्रुव जुरेल तथा शेख रशीद की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ अनौपचारिक टैस्ट शृंखला के पहले मैच के शुरुआती दिन 4 विकेट पर 333 रन बनाकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ए को 4 दिवसीय मैच में सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। उन्होंने 175 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 132 रन की शानदार पारी खेली।
दिन के आखिरी में जुरेल (नाबाद 68) और रशीद (नाबाद 53) ने 5वें विकेट के लिए 116 रन की अटूट साझेदारी कर श्रीलंका ए की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सुदर्शन ने शुरुआत से ही संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उन्होंने खराब गेंदों का पूरा फायदा उठाया और गेंदबाजों को आऊट करने का कोई मौका नहीं दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आयुष पांडे (25) के साथ पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दिलाई।
जुरेल ने संयमित बल्लेबाजी करते स्ट्राइक का अच्छा रोटेशन किया और ढीली गेंदों को सीमा रेखा के पार भेजा। रशीद ने तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ आत्मविश्वास दिखाया। श्रीलंका ए की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा ने 2 विकेट हासिल किए।

