Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs NZ ODI: भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से दी मात, सीरिज पर 3-1 जमाया कब्जा

November 15, 2026

IND vs NZ ODI: भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से दी मात, सीरिज पर 3-1 जमाया कब्जा

खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पांचवें वनडे मुकाबले में 22 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 210 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में कीवी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं।

माउंट मॉन्गानुई में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अक्षर पटेल और ईशान किशन ने सर्वाधिक 46-46 रन बनाए। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर ने 22-22 रनों का योगदान दिया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 18 रन बनाए। मोहम्मद सिराज 20 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अर्शदीप सिंह ने महज 4 गेंदों में 14 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर और जैकब डफी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। मैथ्यू फिशर को दो विकेट मिले, जबकि ब्लेयर टिकनर और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम सीफर्ट सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पहले वनडे में शतकीय पारी खेलने वाले विल यंग 42 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। निक केली को 24 रनों के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने क्लीन बोल्ड किया। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 42 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए।

न्यूजीलैंड की टीम एक समय पर 82 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर बेहतर स्थिति में लग रही थी, लेकिन इसके बाद टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। फिन एलन को मोहम्मद सिराज ने एक रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। वहीं, माइकल ब्रेसवेल 19 रन बनाने के बाद आकिब नबी का शिकार बने। कप्तान मिचेल सैंटनर ने क्रिस्टियन क्लार्क के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े और टीम की पारी को संभालने का प्रयास किया। इस साझेदारी को नमन धीर ने सैंटनर को 24 रनों के स्कोर पर आउट करके तोड़ा।

क्लार्क 16 रन बनाकर आउट हुए। ब्लेयर टिकनर 14 रन बनाकर आउट हुए, तो जैकब डफी 9 रन ही बना सके। भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। आकिब नबी, यश ठाकुर और नमन धीर ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

प्लेइंग इलेवन

भारत: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और यश ठाकुर।

न्यूजीलैंड: विल यंग, ​​टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन ऐलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, ब्लेयर टिकनर, जैकब डफी और मैथ्यू फिशर।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें