Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ind vs WI, 1st Test: भारत ने इंडीज को पहले टैस्ट में एक पारी और 140 रन से हराकर सीरीज़ में 1-0 से की बढ़त हासिल

October 4, 2025

Ind vs WI, 1st Test: भारत ने इंडीज को पहले टैस्ट में एक पारी और 140 रन से हराकर सीरीज़ में 1-0 से की बढ़त हासिल

अहमदाबाद: उपकप्तान रविंद्र जडेजा के बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत भारत ने वैस्ट इंडीज को पहले क्रिकेट टैस्ट में तीन दिन के भीतर ही एक पारी और 140 रन से हराकर 2 मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली। भारत ने पहली पारी कल के स्कोर 5 विकेट पर 448 रन पर घोषित करके 286 रन की बढ़त बना ली थी। वैस्ट इंडीज की टीम दूसरी पारी में 45.1 ओवर में 146 रन पर आऊट हो गई। बल्लेबाजी में नाबाद शतक जमाने वाले जडेजा ने दूसरी पारी में 54 रन देकर 4 विकेट लिए। दूसरा टैस्ट 10 अक्तूबर से दिल्ली में खेला जाएगा।

कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा,‘यह हमारे लिए परफैक्ट मैच था। 3 शतक और इतनी शानदार फील्डिंग।’ तीसरे दिन पिच से मिल रही मदद का मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने पूरा फायदा उठाया। सिराज ने 40 रन देकर 4 और बुमराह ने 42 रन देकर 3 विकेट लिए। भारतीय पारी में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (100) ने 9 साल बाद देश में टैस्ट शतक लगाया। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने पहला टैस्ट शतक जड़ा और जडेजा 104 रन बनाकर नाबाद रहे। तीसरे दिन सुबह के सत्र में पिच से मदद की संभावना में भारत ने पारी कल के स्कोर पर ही घोषित कर दी।

जडेजा की अगुवाई में स्पिनरों ने वैस्ट इंडीज को दबाव में रखा। सलामी बल्लेबाज तेजनारायण चंद्रपॉल (08) और जॉन कैंपबेल ने सकारात्मक शुरुआत की लेकिन आठवें ओवर में नीतीश रैड्डी ने स्क्वेयर लेग पर शानदार कैच लपककर भारत को पहली कामयाबी दिलाई। सिराज की शॉर्ट गेंद पर चंद्रपॉल ने शॉट खेला और रैड्डी ने अपनी बायीं ओर डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा। जिसके बाद वैस्ट इंडीज की टीम को वापसी का मौका नहीं मिला।

ये भी पढ़ें: अमृतसर के सठियाला गांव में गुरु ग्रंथ साहिब की हुई बेअदबी, लोगों ने जताया विरोध

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें