Site icon Dainik Savera Times

IND vs NZ : भारत ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को हराया, DLS नियम के तहत 4 रनों से जीता मैच

indiia

वेलिंग्टन: तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ (30 रन पर चार विकेट), अंशुल कंबोज, आकिब नबी और अक्षर पटेल (दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद श्रेयस अय्यर (30) और केएल राहुल (नाबाद 26) रनों की पारियों की बदौलत भारत ने वर्षा प्रभावित दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को डीएलएस पद्धति से चार रनों से हरा दिया है। इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से मजबूत बढ़त बना ली है। बराड़ को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को जैकब डफी ने शुरुआती झटके दिये। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल (शून्य) और विराट कोहली ( सात) को आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये श्रेयस अय्यर ने रोहित शर्मा के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 22 रन जोड़े।

 

नौवें ओवर में काइल जेमीसन ने रोहित शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। रोहित शर्मा ने 28 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 23 रनों की पारी खेली। इसके बाद अक्षर पटेल (सात) चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। 20वें ओवर में जेमीसन ने श्रेयस अय्यर को आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। श्रेयस अय्यर ने 46 गेंदों में चार चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 30 रन बनाये।

इसके बाद नमन धीर (12) को साइफर्ट ने बाउंड्री पर लपका। अगले ही ओवर में जेमीसन ने अंशुल कम्बोज (एक) का शिकार कर भारत को सातवां झटका दिया। इसी ओवर के बाद बारिश शुरु हो गई। भारत ने सात विकेट पर 113 रन बना लिये है। उसे जीत के लिए 21 ओवरों में 22 रनों की दरकार थी। इसके बाद खेल दोबारा शुरु नहीं हाे सका।डीएलएस के हिसाब से इस समय पार स्कोर 109 रन था और भारत को डीएलएस पद्धति के जरिए चार रनों से जीत दे दी गई। आज यहां इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 41 ओवरों में 134 रन के स्कोर पर समेट दिया था।

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को आकिब नबी ने शुरुआती झटके दिये। उन्होंने पहले ही ओवर में टिम साइफर्ट (शून्य) और फिर पांचवें ओवर में विल यंग (छह) को आउट किया। हेनरी निकोल्स (11) को अंशुल कम्बोज ने बोल्ड आउट किया। 20वें ओवर में बराड़ ने टॉम लेथम (सात) और ग्लेन फिलिप्स (शून्य) का शिकार कर लिया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान मिशेल सैंटनर ने डैरिल मिशेल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट लिए 59 रनों की साझेदारी हुई। 35वें ओवर में अक्षर पटेल ने डैरिल मिशेल (55) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। अगले ही ओवर में बराड़ ने सैंटनर (31) का शिकार कर लिया।

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे डैरिल मिशेल और सैंटनर के अलावा कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। डैरिल मिशेल ने अपनी 55 रनों की संघर्षपूर्ण पारी में 104 गेंदों का सामना किया और चार चौके तथा दो छक्के उड़ाये। सैंटनर ने 38 गेंदों दो छक्के और एक चौका लगाते हुए 31 रन बनाये।

39वें ओवर में अक्षर ने काइल जेमीसन (सात) को बोल्ड कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। नेथन स्मिथ (तीन) का बराड़ ने शिकार किया। 41वें ओवर की आखिरी गेंद पर कंबोज ने ब्लेयर टिकनर (दो) को बोल्ड कर 134 रनों पर न्यूजीलैंड की पारी का अंत कर दिया।

Exit mobile version