Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत ने दिया दक्षिण अफ्रीका 220 रनों का लक्ष्य, तिलक वर्मा का पहला टी20 शतक

November 13, 2024

भारत ने दिया दक्षिण अफ्रीका 220 रनों का लक्ष्य, तिलक वर्मा का पहला टी20 शतक

सेंचुरियन: तिलक वर्मा (नाबाद 107) और अभिषेक शर्मा (50) की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने बुधवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिये 220 रनों का लक्ष्य दिया है।

आज यहां दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में मार्को यानसन ने संजू सैमसन (शून्य) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये तिलक वर्मा ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिये 106 रनों की साझेदारी हुई। नौवें ओवर में केशव महाराज ने क्लासन के हाथों अभिषेक को स्टंप आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए (50) रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर विफल रहे और ऐंडिले सिमेलाने ने एक रन पर उनका शिकार किया। 13वें ओवर में केशव महाराज ने हार्दिक पंड्या (18) को पगबाधा कर भारत को चौथा झटका दिया। 18वें ओवर में रिंकू सिंह (8) को ऐंडिले सिमेलाने ने अपना शिकार बनाया। तिलक वर्मा ने 19वें ओवर में चौका लगाकर मात्र 51 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के लगाते हुए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय और टी-20 शतक जड़ा। रमनदीप सिंह (14) 20वें ओवर में रनआउट हुये।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें