Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs NZ : भारत ने पावरप्ले में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड; 6 ओवर में 118 रन बनाकर रचा इतिहास

October 28, 2026

IND vs NZ : भारत ने पावरप्ले में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड; 6 ओवर में 118 रन बनाकर रचा इतिहास

वेलिंग्टन : भारतीय क्रिकेट टीम ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे तीसरे टी-20 में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने 6 ओवर में बगैर कोई विकेट गंवाए 118 रन बोर्ड पर लगाए। यह किसी भी फुल मैंबर टीम के लिए पावरप्ले का सबसे बड़ा टोटल बन गया। इस तरह टीम इंडिया के नाम नया वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इससे पहले आस्ट्रेलिया ने 2024 में स्कॉटलैंड के खिलाफ एडिनबरा में 113/1 रन बनाए थे।

अब यह रिकॉर्ड चकनाचूर हो गया है। यह सिर्फ चौथा मौका है कि जब किसी टीम ने पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार किया हो। वहीं टीम इंडिया के 118 रन बनाने में वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंदों में 44 रन बनाए। दूसरे छोर पर मौजूद अभिषेक शर्मा तो उनसे भी तेज खेलते दिखे। अभिषेक ने सिर्फ 20 गेंदों में 67 रन बनाकर बड़ा योगदान दिया। अभिषेक शर्मा (113) की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे टी20 में 40 गेंद शेष रहते 6 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त बना ली।

न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल की नाबाद 89 रन की आतिशी पारी की बदौलत 3 विकेट पर 198 रन का मजबूत स्कोर बनाया था जिसे भारत ने 13.2 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल की। प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक ने 38 गेंदों पर 113 रन की आतिशी पारी में नौ चौके और 11 छक्के लगाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें