Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत 2023, 2024 में करेगा वॉलीबॉल क्लब विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी

January 31, 2023

भारत 2023, 2024 में करेगा वॉलीबॉल क्लब विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी

लुसाने: पुरुष वॉलीबॉल क्लब विश्व चैंपियनशिप के 2023 और 2024 सत्र का आयोजन प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) के तत्वावधान में भारत में किया जायेगा। अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ (एफआईवीबी) और वॉलीबॉल वर्ल्ड ने मंगलवार को यह घोषणा की। पीवीएल के 2023 और 2024 सत्र की विजेता टीम टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। इस टूर्नामेंट में भारत को इटली, ब्राज़ील और ईरान जैसे देशों के शीर्ष वॉलीबॉल क्लबों का सामना करना होगा। चैंपियनशिप का आयोजन छह से 10 दिसंबर 2023 के बीच होगा, हालांकि मेजबान शहर की घोषणा फिलहाल नहीं की गयी है।

एफआईवीबी के अध्यक्ष डॉ एरी ग्राका ने कहा, ‘‘एफआईवीबी पुरुष क्लब वॉलीबॉल के सर्वश्रेष्ठ आयोजन को पहली बार भारत लाकर खुश है। मेजबान देश सहित दुनिया के शीर्ष क्लबों की उपस्थिति में भारत और दुनियाभर के वॉलीबॉल प्रेमियों को रोमांचकारी वॉलीबॉल एवं शानदार एथलीट प्रदर्शन मिलना सुनिश्चित है।’’ वॉलीबॉल वर्ल्ड के मुख्य कार्यकारी निदेशक (सीईओ) फिन टेलर ने कहा, ‘‘हम भारत में पहली बार क्लब विश्व चैंपियनशिप के आयोजन की घोषणा करते हुए रोमांचित हैं। यह टूर्नामेंट अपने रोमांचक और प्रतिस्पर्धी मैचों के लिये मशहूर है। हम भारत और दुनियाभर के वॉलीबॉल प्रेमियों को वॉलीबॉल वर्ल्ड टीवी के माध्यम से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्लबों एवं एथलीटों को सबसे बड़े मंच पर मुकाबला करते देखने का अवसर देना चाहते हैं।’’

बेसलाइन वेंचर्स के प्रबंध निदेशक और प्राइम वॉलीबॉल लीग के सह-प्रचारक तुहिन मिश्रा ने कहा, ‘‘यह भारतीय खेलों के लिये एक ऐतिहासिक पल है। पहली बार एक वैश्विक खेल के सर्वश्रेष्ठ एथलीट भारत आयेंगे और अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। हमारे खिलाड़ियों को भी उनके साथ मुकाबला करने का मौका मिलेगा। यह भारतीय वॉलीबॉल टीम को 2028 ओलंपिक में क्वालीफाई करवाने के हमारे लक्ष्य का हिस्सा है। भारत में लगातार वर्षों में किसी वैश्विक प्रतियोगिता का आयोजन हमारे खिलाड़ियों को सही मंच और अनुभव प्रदान करेगा।’’

पीवीएल बोर्ड के चेयरमैन और कोची ब्लू स्पाइकर्स वॉलीबॉल फ्रेंचाइजी के मालिक थॉमस मुथूट ने कहा, ‘‘यह हमारी लीग के लिये बेहतरीन खबर है। यह खबर पीवीएल में सभी टीमों को क्लब चैंपियनशिप में जगह बनाने के इरादे से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित करेगी। यह वैश्विक आयोजन भारतीय वॉलीबॉल प्रेमियों को भी उत्साहित करेगा क्योंकि वह स्वदेशी सरजमीन पर बेहतरीन वॉलीबॉल का आनंद ले सकेंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें