IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज को लेकर रोमांच बढ़ने लगा है। दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम की कोशिश सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर सकारात्मक शुरुआत करने की होगी। इस सीरीज के दौरान कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी, लेकिन टीम इंडिया के पांच ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनसे क्रिकेट फैंस को खास तौर पर बड़ी उम्मीदें होंगी।
वैभव सूर्यवंशी: इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए भी चुना गया है। सिर्फ 15 साल की उम्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वैभव के प्रदर्शन पर इस बार भी सबकी नजर रहेगी। अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ वह किस तरह बल्लेबाजी करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के अंतिम टी20 मुकाबले में वैभव ने 81 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। इसके अलावा दलीप ट्रॉफी में भी उन्होंने बल्ले से अच्छी फॉर्म का संकेत दिया है।
ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/sports/emma-navarro-us-open-2026-quarterfinal/
जसप्रीत बुमराह: टी20 टीम में लंबे अंतराल के बाद लौट रहे जसप्रीत बुमराह भारतीय गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकतों में से एक होंगे। उन्होंने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। बुमराह की वापसी से टीम इंडिया के गेंदबाजी विभाग को निश्चित तौर पर मजबूती मिलेगी। अगर वह अपनी पुरानी लय और सटीक यॉर्कर के साथ मैदान पर उतरते हैं, तो अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
संजू सैमसन: अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज संजू सैमसन के लिए अपनी फॉर्म साबित करने का महत्वपूर्ण मौका लेकर आई है। इंग्लैंड के खिलाफ उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, जिसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम से बाहर रखा गया। इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी संजू केवल 5 रन बना पाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दो मुकाबलों में उन्होंने सिर्फ 28 रन बनाए थे। ऐसे में सैमसन की कोशिश इस सीरीज में बड़ी और प्रभावी पारियां खेलकर अपनी फॉर्म के साथ-साथ टीम में अपनी स्थिति को मजबूत करने की होगी।
रवि बिश्नोई: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में रवि बिश्नोई ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। उन्होंने विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और रन भी काफी कम खर्च किए। अब अफगानिस्तान के खिलाफ उनसे एक बार फिर इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। बिश्नोई के लिए यह सीरीज भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बन सकती है।
नीतीश कुमार रेड्डी: हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में नीतीश कुमार रेड्डी के पास टीम इंडिया के लिए ऑलराउंडर के तौर पर अपनी उपयोगिता साबित करने का अच्छा मौका है। चोट के बाद वापसी कर रहे नीतीश के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी। यदि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में प्रभावी प्रदर्शन करते हैं, तो टीम में उनकी भूमिका पहले से अधिक अहम हो सकती है। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली यह सीरीज नीतीश के लिए अपनी ऑलराउंड क्षमता दिखाने का बड़ा मंच होगी।

