Site icon Dainik Savera Times

एफआईएच प्रो लीग: जर्मनी ने आखिरी मिनट में किया निर्णायक गोल, भारत 2-1 से हारा

India vs Germany FIH Pro League

India vs Germany FIH Pro League

भारतीय मेंस हॉकी टीम को एफआईएच (इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन) प्रो लीग 2025-26 के अपने तीसरे मुकाबले में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने जर्मनी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंतिम क्षणों में किए गए गोल की बदौलत जर्मनी जीत दर्ज करने में सफल रही।

अपना 100वां इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे जुगराज सिंह ने मैच के 38वें मैच में भारत की ओर से एकमात्र गोल किया, हालांकि जर्मनी की तरफ से जस्टस वीगैंड ने 56वें और जैकब ब्रिला ने 60वें मिनट में जर्मनी की ओर से गोल दागा। भारत ने मैच की शुरुआत काफी आक्रामक अंदाज में की। टीम ने शुरुआती मिनटों में गेंद पर अच्छा नियंत्रण रखा और जर्मनी पर दबाव बनाने की कोशिश की। मजबूत और कॉम्पैक्ट डिफेंस के चलते भारत ने वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी को ज्यादा मौके नहीं बनाने दिए।

ये भी पढ़ें–  https://dainiksaveratimes.com/sports/harshit-rana-india-odi-squad/

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने हाई प्रेसिंग गेम खेलते हुए अपनी तीव्रता को बढ़ाया। इस दबाव के कारण जर्मनी से कुछ गलतियां भी हुईं। भारत के लिए सबसे अच्छा मौका अभिषेक ने पहले हाफ के दौरान बनाया, लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। तीसरे क्वार्टर में मुकाबला और भी कड़ा रहा। भारतीय टीम ने लगातार गेंद पर कब्जा बनाए रखा, जिसका फायदा टीम को मिला। भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर 38वें मिनट में मिला, जिसका भरपूर फायदा अपना 100वां मैच खेल रहे जुगराज ने उठाया। जुगराज ने जबरदस्त ड्रैग-फ्लिक के दम पर भारत को मैच में 1-0 की बढ़त दिलाई।

तीसरे क्वार्टर के आखिर में जर्मनी को कुछ पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन गोलकीपर मोहित एचएस ने शानदार डिफेंस करते हुए भारत को आखिरी समय तक एक गोल की बढ़त बनाए रखने में मदद की। आखिरी क्वार्टर में भारत के पास अपनी बढ़त को दोगुना करने के कई मौके आए, लेकिन टीम इन मौकों को भुनाने में नाकाम रही। हालांकि मैच के 56वें मिनट में जर्मनी ने शानदार वापसी की। जस्टस वीगैंड ने जर्मनी की ओर से पहला गोल दागा और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के अंतिम पलों में जर्मनी को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका फायदा उठाते हुए जैकब ब्रिला ने मैच के 60वें मिनट में गोल करते हुए जर्मनी की 2-1 से जीत पक्की कर दी। भारतीय टीम अपने अगले मुकाबले में रविवार को नीदरलैंड्स से भिड़ेगी।

Exit mobile version